पावनसिटी खण्डवा
खण्डवा- शहर के लाल चौकी क्षेत्र के आदर्श नगर निवासी  जितेन्द्र कौशल की पुत्री मर्यादा के दिल में छेद होने के कारण बचपन से ही वह बीमार रहती थी। आयुष्मान भारत योजना के तहत बालिका मर्यादा के हृदय रोग का इन्दौर के अरविन्दो हॉस्पिटल में इलाज व ऑपरेशन मुफ्त में होने से उसके पिता बहुत खुश हैं और प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार प्रकट करते हैं।
जितेन्द्र ने बताया कि उनकी बालिका मर्यादा जब 18 माह की हुई, तो उसे उठने बैठने चलने फिरने में हांफनी आ जाती थी तथा सांस फूलने की समस्या होती थी। जितेन्द्र ने मर्यादा को पहले जिला चिकित्सालय खण्डवा के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. भूषण बांडे को दिखाया, तो उन्होंने स्वास्थ्य का जांच परीक्षण कर ईको कार्डियोग्राफी करवाने की सलाह दी। ईको करवाने पर पता चला कि मर्यादा के हृदय में छेद है। यह सुनकर जितेन्द्र परेशान हो गया कि खराब आर्थिक परिस्थिति के कारण वह हृदय रोग का महंगा इलाज कैसे करा पाएगा। उसने अपनी समस्या बताई तो डॉक्टर्स ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना में बेटी मर्यादा का ऑपरेशन निःशुल्क हो जाएगा। बस फिर क्या था, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत मर्यादा की निःशुल्क सर्जरी के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओ.पी. जुगतावत ने स्वीकृति दी। आयुष्मान भारत योजना के तहत इन्दौर के अरविन्दो हॉस्पिटल में 5 दिसंबर 2025 को मर्यादा का हृदय के छेद के उपचार हेतु चिकित्सकों की टीम ने सर्जरी की। जितेन्द्र बताते हैं कि अब मर्यादा पूर्ण रुप से स्वस्थ्य है, जिससे परिवार में खुशी का माहौल है।

Leave a Reply