पावनसिटी हरदा

कलेक्टर ने बोर्ड परीक्षा का निरीक्षण किया
हरदा- कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने मंगलवार को स्थानीय महात्मा गांधी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुँचकर माध्यमिक शिक्षा मण्डल की 12 वीं कक्षा के अंग्रेजी प्रश्नपत्र की परीक्षा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होने परीक्षा के सुव्यवस्थित संचालन के स्कूल प्रबन्धन को निर्देश दिये

एआई टेक्नॉलॉजी के युग में इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग जरूरी – कलेक्टर
सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर विद्यार्थियों को दी गई इंटरनेट सुरक्षा की जानकारी
हरदा 10 फरवरी 2026/ कलेक्टर  सिद्धार्थ जैन ने कहा कि एआई टेक्नॉलॉजी के युग में इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग के लिये हम सब का जागरूक होना जरूरी है। उन्होने कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से जरूरी है कि सोशल मीडिया पर हम हमारी जानकारी सावधानी से शेयर करें। साथ ही इसका दुरूपयोग होने से बचाएं। भविष्य में व्हाईस एवं वीडियो क्लोनिंग जैसी तकनीकी भी आएगी, जिसमें असली नकली की पहचान करना मुश्किल होगा। ऐसी तकनीकी के दुरूपयोग से बचने के लिये काफी सजगता की जरूरत है। यह भी जरूरी है कि हम सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रमित अथवा फेक सामग्री से प्रभावित न हों। श्री जैन मंगलवार को शासकीय पीएम  कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में सेफर इंटरनेट डे के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम में जिला सूचना एवं विज्ञान केन्द्र के अधिकारी श्री प्रविन्द्र यादव ने बताया कि डीपफेक वीडिया और क्लोन की गई आवाजें वास्तविक दिख सकती है। भावनात्मक रूप से प्रतिक्रिया करने से पहले विश्वसनीय स्रोतों से पुष्टि करें। उन्होने बताया कि एआई घोटाले अक्सर तात्कालिकता या भय पैदा करते हैं। कार्य करने से पहले रूकें, सोचें और सत्यापित करें। चिकित्सा, कानूनी या वित्तीय सलाह के लिये कभी भी केवल एआई पर निर्भर न रहें। वास्तविक विशेषज्ञों से परामर्श लें। वीडियो में अप्राकृतिक चेहरे, होंठ या आवाजें एआई हेरफेर के चेतावनी संकेत हैं। भावनात्मक कहानियाँ या तत्काल सहायता अनुरोध एआई जनित घोटाले हो सकते है, मदद करने से पहले सत्यापित करें।
इस दौरान पुलिस के सायबर सेल प्रभारी श्री उमेश ठाकुर ने सायबर ठगी से बचाव के लिये विद्यार्थियों को जागरूक किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य श्रीमती संगीता बिले भी मौजूद थी। कार्यक्रम का संचालन अतिथि विद्वान श्री बसंतसिंह राजपूत ने किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को पीपीटी के माध्यम से इंटरनेट सुरक्षा एवं सायबर ठगी से बचाव की जानकारी दी गई।

कलेक्टर ने जनसुनवाई में सुनी नागरिकों की समस्याएं
हरदा- कलेक्टर  सिद्धार्थ जैन ने मंगलवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित ‘जनसुनवाई’ कार्यक्रम में आए नागरिकों की समस्याएं सुनी और उपस्थित अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंजली जोसेफ जोनाथन, संयुक्त कलेक्टर  सतीश राय एवं सुश्री रजनी वर्मा, एसडीएम हरदा  अशोक डहेरिया, एसडीएम टिमरनी  संजीव नागू, एसडीएम खिरकिया सुश्री शिवांगी बघेल सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित थे।
जनसुनवाई में ग्राम पांचातलाई निवासी बसंत विश्नोई ने कलेक्टर जैन को आवेदन देकर नल जल योजना के तहत खोदी गई नाली बंद न करने के संबंध में शिकायत की, जिस पर उन्होने कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को मामले की जांच कर आवेदक की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये। ग्राम केलनपुरा, महेन्द्रगांव व बीड तथा भवरतलाब व खेड़ा़ के ग्रामीणों ने जनसुनवाई में आवेदन देकर नहर में पानी न आने के संबंध में शिकायत की, जिस पर कार्यपालन यंत्री जल संसाधन विभाग को ग्रामीणों की समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिये गये। कुलहरदा निवासी अमजद खान ने पुराने रास्ते व गली पर अतिक्रमण हटाने के लिये आवेदन दिया, जिस पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी को आवेदक की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये। ग्राम बाबड़िया निवासी दशरथ ने बीपीएल गरीबी रेखा की सर्वे सूची में नाम जुड़वाने के लिये जनसुनवाई में आवेदन दिया, जिस पर तहसीलदार खिरकिया को आवेदक की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये।

वित्तीय साक्षरता सप्ताह के तहत जागरूकता रथ को संयुक्त कलेक्टर ने दिखाई हरी झंडी
हरदा -भारतीय रिज़र्व बैंक के निर्देशानुसार जिले में 9 से 13 फरवरी तक वित्तीय साक्षरता सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष वित्तीय साक्षरता सप्ताह की थीम “केवाईसी – सुरक्षित बैंकिंग की ओर पहला कदम” निर्धारित की गई है। थीम के अंतर्गत आमजन को बैंकिंग सुरक्षा के प्रति जागरूक करने हेतु केवाईसी, सी-केवाईसी तथा खाता स्वच्छता एवं वित्तीय अनुशासन के संबंध में विशेष रूप से जानकारी प्रदान की जा रही है।
भारतीय रिज़र्व बैंक के निर्देशानुसार अभियान के प्रभावी संचालन एवं व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से मंगलवार को जिला पंचायत प्रांगण से संयुक्त कलेक्टर श्री सतीश राय ने वित्तीय साक्षरता अभियान रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह अभियान रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर नागरिकों को केवाईसी की महत्ता, सुरक्षित बैंकिंग व्यवहार एवं खातों के सही संचालन के संबंध में जागरूक करेगा। इस दौरान एसडीएम खिरकिया सुश्री शिवांगी बघेल, एसडीएम टिमरनी श्री संजीव नागू, अग्रणी जिला प्रबंधक श्री मनोज पंवार सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply