पावनसिटी खण्डवा
खण्डवा – “प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान” के तहत गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हर माह की 9 एवं 25 तारीख को सरकारी अस्पतालों में स्त्री रोग विशेषज्ञ व चिकित्सकों द्वारा गर्भवती महिलाओं की जांच कर उपचार किया जाता है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओ.पी. जुगतावत ने बताया कि सोमवार को हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य संस्थाओं में चिकित्सकों द्वारा आवश्यक जाँच व परामर्श दिया गया। जांच के दौरान जटिलताओं को देखते हुए ऐसी चिन्हांकित गर्भवती महिलाओं को निःशुल्क सोनोग्राफी के लिए खण्डवा भेजा जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जुगतावत ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान उचित आहार एवं पोषण जच्चा बच्चा के लिए जरुरी है। गर्भवति महिलाओं व उनके परिजनों को मिशन आंचल अभियान के तहत पोषण आहार व कुपोषण से बचाव के लिए शिविर स्थल पर ही स्वास्थ्य टीम के द्वारा परामर्श सेवाएं देकर घर पर ही उपलब्घ खाद्य पदार्थों से पोषणयुक्त भोजन सेवन करने की सलाह दी गई। ताकि गर्भावस्था के दौरान अपने स्वास्थ्य के साथ साथ अपने बच्चे को उचित मात्रा में पोषण आहार मिल सके। गर्भवती महिलाओं को सरकारी अस्पताल में प्रसव कराने की समझाइश भी दी गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जुगतावत ने बताया कि हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं में एनीमिया, उच्च रक्तचाप, शुगर, पूर्व सिजेरियन प्रसव, जुड़वा बच्चे, गर्भ में उल्टा बच्चा, पूर्व में गर्भपात, पूर्व में जन्मे शिशु में जन्मजात विकृति, कम वर्ष व 35 वर्ष से अधिक उम्र में गर्भधारण होना, अधिक बच्चे होना तथा टीबी, गुर्दे, हृदय रोग, मलेरिया, एचआईवी, हैपेटाइटिस बी जैसे रोगों से ग्रसित गर्भवती महिलाएं शामिल होती है l

