पावनसिटी खण्डवा
खण्डवा – जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत कलेक्टर  ऋषव गुप्ता प्रत्येक मंगलवार को नागरिकों की समस्याएं सुनकर सम्बंधित अधिकारियों के माध्यम से उनका निराकरण करवाते हैं। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में नरेन्द्रसिंह राजपूत निवासी जामकोटा ने कलेक्टर  गुप्ता को आवेदन देकर बताया कि 4 वर्ष पूर्व उसकी भैंस बिजली के खंबे में करेंट होने के कारण मर गई थी, तहसीलदार एवं पुलिस की कार्यवाही के बावजूद भी अभी तक बिजली कंपनी से कोई राहत राशि नहीं मिली है। जिस पर उन्होंने विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों को आवेदक को नियमानुसार मदद दिलाने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में जिला पंचायत के सीईओ डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा, अपर कलेक्टर अरविंद चौहान एवं  के. आर. बड़ोले, डिप्टी कलेक्टर श्री दिनेश सावले, सिटी मजिस्ट्रेट  बजरंग सिंह बहादुर सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद थे।
जनसुनवाई में उमेद सिंह कोरकू निवासी बिजौरा तहसील पुनासा ने कलेक्टर  गुप्ता को आवेदन देकर बताया कि उसकी मां का निधन पिछले दिनों हो गया है, परिवार में कमाने वाला सदस्य कोई नहीं है, अतः आर्थिक सहायता दिलाई जाए। जिस पर उन्होंने जनपद पंचायत पुनासा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को आवेदक की जरूरी मदद करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में खण्डवा निवासी श्री हलीमा बेगम ने कलेक्टर  गुप्ता को आवेदन देकर बताया कि उसके द्वारा बिजली का पूरा बिल जमा किए जाने के बावजूद विद्युत वितरण कंपनी के कर्मचारियों ने विद्युत लाइन काट दी है, जिससे बच्चों की बोर्ड परीक्षाओं के दौरान पढ़ाई प्रभावित हो रही है। जिस पर कलेक्टर  गुप्ता ने विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों को मामले की जांच कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में खण्डवा निवासी अजीज खान ने कलेक्टर  गुप्ता को आवेदन देकर बताया कि वार्ड क्रमांक 19 में वहीद खान द्वारा अवैध रूप से निर्माण कार्य किया जा रहा है, जिसे तत्काल रोका जाए, जिस पर उन्होंने नगर निगम आयुक्त को मामले की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में खण्डवा निवासी अकील अशरफ ने कलेक्टर श्री गुप्ता को आवेदन देकर बताया कि बुधवारा वार्ड में 4 मंजिला अवैध भवन निर्मित किया जा रहा है, इसके निर्माण कार्य को तत्काल रोका जाए, जिस पर उन्होंने नगर निगम आयुक्त को मामले की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply