पावनसिटी खंडवा
खंडवा – आगामी दिनों में मनाए जाने वाले पर्वों को ध्यान में रखते हुए जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता की अध्यक्षता में सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम में संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर ऋषव गुप्ता, पुलिस उप महानिरीक्षक मनोज कुमार राय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेन्द्र तारणेकर, अपर कलेक्टर अरविंद चौहान व सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर सहित अन्य अधिकारी एवं विधायक प्रतिनिधि मुकेश तनवे सहित शांति समिति के सदस्यगण मौजूद थे।
बैठक में कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने पीडब्ल्यूडी और नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों के गड्ढे भरवायें। उन्होंने नगर निगम खंडवा के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंदिरों के बाहर बनी टंकियो में पानी भरवाये। बैठक में उन्होंने विद्युत वितरण कम्पनी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि होलिका दहन के स्थानों का मौका निरीक्षण कर देखें कि आसपास कोई विद्युत ट्रांसफर या बिजली के तार नीचे झूल तो नहीं रहे हैं। बैठक में कलेक्टर श्री गुप्ता ने सभी से अपील की कि केमिकल युक्त रंगों का इस्तेमाल न करें, बल्कि प्राकृतिक रंग व गुलाल से होली खेले। उन्होंने कहा कि होली में लकड़ी के स्थान पर गौ-कास्ठ का उपयोग भी किया जा सकता है।
पुलिस उप महानिरीक्षक मनोज कुमार राय ने बैठक में कहा कि त्यौहारों के दौरान वाहनों का निरीक्षण किया जाएगा तथा शराब पीकर वाहन चलाने वाले और क्षमता से अधिक सवारी बैठाकर गाड़ी चलाने वालों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बैठक में कहा कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के विरूद्ध भी सख्त कार्यवाही की जाएगी। पुलिस उप महानिरीक्षक राय ने गणगौर विसर्जन के दौरान सावधानी रखने की सभी से अपील की। बैठक में उन्होंने कहा कि डीजे बजाने के लिए अनुमति लेनी होगी। उन्होंने कहा कि जिले में त्यौहारों के दौरान सामाजिक माहौल खराब करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।

