पावनसिटी  हरदा

अनोखा तीर, हरदा। हरदा बस एसोसिएशन द्वारा स्टेज कैरिज बसों के संचालन को लेकर लागू की जा रही नई नीति के विरोध में जिला कलेक्टर कार्यालय में मुख्यमंत्री, के नाम ज्ञापन सौंपा गया। एसोसिएशन अध्यक्ष भूपेश पटेल ने बताया कि बस संचालकों ने नई नीति को दमनकारी बताते हुए 2 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। एसोसिएशन द्वारा बताया गया कि गत दिवस प्रदेशभर के बस मालिकों एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विस्तृत विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि स्टेज कैरिज बसों के संचालन संबंधी नई नीति से प्रदेश के समस्त बस मालिक आहत हैं। ज्ञापन में कहा गया है कि इस संबंध में बस संचालक कई बार संबंधित अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रख चुके हैं, किंतु अब तक कोई समाधान नहीं निकल सका है। ऐसे में यदि शासन द्वारा मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 2 मार्च से प्रदेश के समस्त यात्री बस संचालक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि हड़ताल के कारण आम जनता को होने वाली असुविधा की संपूर्ण जिम्मेदारी शासन की होगी। प्रमुख मांगे इस प्रकार हैं 24 दिसंबर 2025 को राजपत्र में प्रकाशित संशोधन के प्रारूप को तत्काल वापस लिया जाए अथवा निरस्त किया जाए। 29 जनवरी को राजपत्र में प्रकाशित संशोधन को पूर्ण रूप से समाप्त किया जाए। वर्तमान में प्रदेश में जिस व्यवस्था के अंतर्गत बस संचालन किया जा रहा है, उसे यथावत बनाए रखा जाए।
वाहनों का फिटनेस कार्य प्रारंभ किया जाए
कलेक्टर को दिए ज्ञापन में हरदा बस एसोसिएशन के अध्यक्ष भूपेश पटेल ने कलेक्टर से मांग की है कि हरदा आरटीओ आफिस में वाहनों की फिटनेस का कार्य बंद कर दिया गया है, जिसके कारण वाहनों की फिटनेस के लिए डेढ़ सौ कि.मी दूर जाना पड़ रहा है, जिससे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। एसोसिएशन अध्यक्ष ने शीघ्र ही वाहन फिटनेस कार्य शुरु करने की मांग की है।

Leave a Reply