पावनसिटी खण्डवा
खण्डवा – रक्तदान के प्रति जनजागरूकता के लिए बुधवार को जिला चिकित्सालय परिसर खण्डवा से नर्सिंग छात्राओं, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, एन.सी.सी. के केडेट्स तथा विभागीय अधिकारी कर्मचारीयों की जनजागृति रैली को विधायक प्रतिनिधि मुकेश तन्वे ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. अनिरुद्ध कौशल, नोडल अधिकारी ब्लड बैंक डॉ. अतुल माने, मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉ. रंजीत बड़ोले, सहायक अधीक्षक डॉ. सुनील बाजोलिया, जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. पर्व तिवारी, चिकित्सक व अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे। रैली के माध्यम से रक्तदाताओं को जागरुकता का संदेश देते हुए रक्तदान करने की अपील की गई। यह रैली नगर निगम, बॉम्बे बाजार, बस स्टैण्ड, रेल्वे स्टेशन से मछली बाजार, जलेबी चौक से होती हुई जिला चिकित्सालय परिसर खण्डवा में सम्पन्न हुई।
रक्तदान शिविर में 27 यूनिट रक्तदान हुआ
नोडल अधिकारी ब्लड बैंक डॉ. अतुल माने ने बताया कि रक्तदान के प्रति जागरुकता के उद्देश्य से बुधवार को जिला चिकित्सालय स्थित ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर लगाया गया। शिविर में जय महाराणा रक्तदान समूह, मानव अधिकार सेवा समिति, मानव अधिकार सहायता संघ व अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा अधिकारी कर्मचारी ने कुल 27 यूनिट रक्तदान किया।

