पावनसिटी समाचार पत्र खंडवा
खंडवा – कलेक्टर ऋषव गुप्ता के मार्गदर्शन में जिले में कुपोषण निवारण के लिए “मिशन आंचल” अभियान प्रारंभ किया गया है। इस अभियान के तहत शासकीय प्रयासों के साथ-साथ जनसहयोग एवं जनभागीदारी से भी बच्चों का कुपोषण दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।
बुधवार को पंधाना में महिला बाल विकास परियोजना कार्यालय में मिशन आँचल अभियान के अंतर्गत कुपोषण के निवारण हेतु चयनित पोषण बापू और पोषण मैयाओं के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया । जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती रतना शर्मा ने बताया कि 5 वर्ष तक के छोटे बच्चों में कुपोषण निवारण के लिए पोषण बापू और पोषण मैया को प्रशिक्षित किया गया है। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर श्री मोहित करोड़ी, परियोजना अधिकारी श्री रूपसिंह सिसौदिया श्रीमती भावना पटेल ब्लॉक समन्वयक, आयुष विभाग से श्रीमती सारिका मुजाल्दे एवं उनकी टीम द्वारा प्रशिक्षण दिया गया।
इस अवसर पर कुपोषित बच्चों को गोद लेने वाले पोषण मैया एवं पोषण बापू को सम्मानित किया गया और गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों को पोषण सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम के अंत में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा उपस्थित पोषण मैया एवं पोषण बापू एवं आंगनवाडी कार्यकर्ताओ को शपथ दिलाई गई।

