पावनसिटी  खण्डवा
खण्डवा – “राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान” के तहत खो-खो, कुश्ती एवं कबड्डी जैसे पारंपरिक खेलों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से शुक्रवार को एक दिवसीय खेल प्रतियोगिता आयोजित की गई । स्थानीय पुलिस परेड ग्राउंड पर आयोजित इस प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में खंडवा की महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पिंकी सुदेश वानखेडे, कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता, पुलिस उप महानिरीक्षक श्री मनोज कुमार राय, वन मंडलाधिकारी श्री राकेश डामोर, जिला पंचायत के सीईओ डॉक्टर नागार्जुन गौड़ा, पंधाना की जनपद अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा काले भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष श्री सेवादास पटेल, श्री धर्मेंद्र बजाज सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधी मौजूद थे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्री नीरज पाराशर ने किया।
महापौर श्रीमती यादव ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने “खेलो इंडिया” तथा “सांसद खेलकूद प्रतियोगिता” जैसे कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर दिया है। इसी क्रम में पारंपरिक खेल प्रतियोगिता का आयोजन अत्यंत सराहनीय प्रयास है। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वानखेड़े ने इस अवसर पर उपस्थित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी और सभी से खेल भावना के साथ इस प्रतियोगिता में खेलने की अपील की।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताओं से हमें खेल भावना और टीम भावना के साथ बहुत कुछ सीखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि परंपरागत खेल खिलाड़ियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए अत्यंत लाभदायक हैं । पुलिस उप महानिरीक्षक श्री राय ने इस अवसर पर कहा कि परंपरागत खेलों के प्रोत्साहन के लिए इस तरह के आयोजन नियमित रूप से होते रहना चाहिए।

Leave a Reply