पावनसिटी हरदा
दिनांक 18.03.2026 को माननीय मुख्यमंत्री  मोहन यादव के हरदा आगमन एवं नेहरू स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दृष्टिगत आमजन की सुविधा एवं यातायात के सुचारू संचालन हेतु यातायात पुलिस द्वारा विशेष यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था की गई है।
माननीय मुख्यमंत्री के आगमन के लिए छीपानेर रोड स्थित छीपानेर अंडर ब्रिज के पास हेलीपेड बनाया गया है।माननीय मुख्यमंत्री के काफिले के निर्धारित मार्ग से गुजरने के दौरान यातायात को व्यवस्थित रखने हेतु खण्डवा की ओर से आने वाले भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा। इसी प्रकार इंदौर एवं बैतूल की ओर से आने वाले सभी प्रकार के वाहनों को भी आवश्यकतानुसार अन्य मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान छीपानेर से हरदा की ओर आने वाले वाहनों को छीपानेर चौक से कलेक्टर चौराहा, इंडस्ट्रीज एरिया होते हुए शिवम वाटिका मार्ग की ओर मोड़ा जाएगा।
इसी प्रकार हरदा से छीपानेर की ओर जाने वाले वाहनों को अस्पताल तिराहा से सेंट मेरी स्कूल, शिवम वाटिका मार्ग होते हुए ग्वालनगर के रास्ते छीपानेर की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
माननीय मुख्यमंत्री की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नेहरू स्टेडियम के चारों ओर नो-व्हीकल जोन घोषित किया गया है। यह क्षेत्र नायरा पेट्रोल पंप के पास स्थित एटीएम से गुर्जर बोर्डिंग मंदिर तथा महाराणा प्रताप चौक से तेजाजी चौक होते हुए बलराम चौक तक पूर्णतः नो-व्हीकल जोन रहेगा।
पार्किंग व्यवस्था
कार्यक्रम में शामिल होने वाले नागरिकों के वाहनों के लिए निम्न स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है—
1. पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर – व्हीआईपी एवं प्रशासनिक वाहन पार्किंग
2. कृषि उपज मंडी प्रांगण – बस पार्किंग
3. एक्सीलेंस स्कूल मैदान – कार/मोसा. पार्किंग
4. छीपानेर चौक का खाली मैदान – कार एवं मोटरसाइकिल पार्किंग
5. माँ रेवा गार्डन – बस पार्किंग
पार्किंग तक पहुँच मार्ग
बैतूल, नर्मदापुरम, टिमरनी, रहटगांव एवं सोडलपुर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए हाईवे स्थित छीपानेर रोड ओवर ब्रिज, ग्वालनगर – इंडस्ट्रीज एरिया होते हुए मंडी गेट के माध्यम से कृषि उपज मंडी प्रांगण तक बस पार्किंग हेतु मार्ग निर्धारित किया गया है।
हंडिया की ओर से आने वाले वाहन हाईवे से छीपानेर रोड, ग्वालनगर – इंडस्ट्रीज एरिया होते हुए मंडी गेट के रास्ते मंडी प्रांगण में बस पार्किंग स्थल तक पहुंचेंगे।
इसी प्रकार खंडवा, छीपाबड़ एवं सिराली की ओर से आने वाली बसों के लिए खंडवा रोड बायपास चौराहा से छीपानेर रोड होते हुए मंडी गेट के माध्यम से कृषि उपज मंडी प्रांगण में बस पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
यातायात पुलिस द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित मार्गों एवं पार्किंग स्थलों का उपयोग करें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

Leave a Reply