पावनसिटी समाचार हरदा
निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण–2026 के दिशा-निर्देशों पर वीडियो कॉन्फ्रेंस आयोजित
भारत निर्वाचन आयोग की निदेशक श्रीमती शुभ्रा सक्सेना द्वारा निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण–2026 के संबंध में शुक्रवार शाम वीडियो कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान आयोग द्वारा पुनरीक्षण कार्य को पारदर्शी, समयबद्ध एवं त्रुटिरहित रूप से पूर्ण करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
वीडियो कॉन्फ्रेंस में निर्देशित किया गया कि नो-मैपिंग से संबंधित समस्त मतदाताओं की मैपिंग सुनिश्चित की जाए। शेष बचे मतदाताओं को नियमानुसार नोटिस जारी कर सुनवाई की कार्यवाही पूर्ण करते हुए उसकी ऑनलाइन फीडिंग अनिवार्य रूप से की जाए। इसके अतिरिक्त लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी से संबंधित प्रकरणों का निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) स्तर पर सत्यापन कर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
वीडियो कॉन्फ्रेंस के उपरांत कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नेहा मीना ने जिले के समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) को आयोग के निर्देशों के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ समस्त कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नो-मैपिंग प्रकरणों में नोटिस जारी कर प्रतिदिन का लक्ष्य निर्धारित करते हुए सुनवाई की कार्यवाही पूर्ण की जाए तथा समस्त कार्यवाही की ऑनलाइन फीडिंग समय पर सुनिश्चित की जाए। साथ ही आयोग के निर्देशानुसार लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी के सत्यापन एवं निराकरण का कार्य प्राथमिकता के साथ पूर्ण किया जाए।
कलेक्टर ने नए मतदाताओं के नाम जोड़ने हेतु फॉर्म-6 के अंतर्गत विशेष अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर विशेष रूप से अभियान चलाकर अधिक से अधिक पात्र युवाओं को मतदाता सूची में सम्मिलित करने पर बल दिया। इसके अतिरिक्त फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 के अंतर्गत नाम विलोपन एवं संशोधन की कार्यवाही निरंतर जारी रखने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री सी.एस. सोलंकी, समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) एवं मास्टर ट्रेनर उपस्थित रहे।

