पावनसिटी हरदा

पशुओं की नस्ल सुधार एवं स्वास्थ्य पोषण के लिये कार्य करे पशुपालन विभाग – कमिश्नर  के.जी. तिवारी
हरदा – नर्मदापुरम् संभाग के आयुक्त श्री के.जी. तिवारी ने बुधवार को जिले के विभिन्न विभागों के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होने खिरकिया जनपद पंचायत के नवीन भवन का कार्य शीघ्र प्रारम्भ करने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि भवन निर्माण में आ रही अड़चनों को तत्परता से दूर किया जाए। भवन निर्माण के लिये यदि कोई अवरोध बन रहा है तो उसके विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाए। बैठक में कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती अंजली जोसेफ जोनाथन, संयुक्त आयुक्त विकास श्री नवल मीना सहित विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने कहा कि मनरेगा अंतर्गत वित्तीय वर्ष में जिले को आवंटित लक्ष्य अनुसार कार्य पूर्ण किये जाएं। उन्होने एक बगीया माँ के नाम एवं नर्मदा परिक्रमा पथ योजना की प्रगति की भी इस दौरान जानकारी ली। प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना की समीक्षा के दौरान उन्होने विभिन्न वित्तीय वर्षों में स्वीकृत आवासों एवं पूर्ण आवासों की स्थिति की भी जानकारी ली। मध्यप्रदेश डे राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा करते हुए उन्होने कहा कि मिशन अंतर्गत वित्तीय वर्ष में लक्ष्य अनुरूप शतप्रतिशत उपलब्धि अर्जित की जाए। मिशन के डीपीएम उपलब्धि अर्जित करने में पूरी तरह सक्रिय रहें। उन्होने जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे अपने कार्यक्षेत्र अंतर्गत विभिन्न विभागों के कार्यों की भी समीक्षा करें। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों की प्रगति की भी बैठक में समीक्षा की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को स्वास्थ्य कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश देते हुए कमिश्नर ने कहा कि जिन कार्यक्रमों में हितग्राहियों को दी गई सेवाओं की ऑनलाइन एंट्री की जाना है, उनमें ऑफलाइन कार्य न किया जाए। शतप्रतिशत हितग्राहियों की ऑनलाइन ही एंट्री सुनिश्चित की जाए।
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने बाल विवाह पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि जिले की आंगनवाड़ियां निर्धारित दिनों में नियमित खुले, इस बात की सघन निगरानी की जाए। विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी आंगनवाड़ी खुलने की रेंडम जांच भी करें। नगरीय प्रशासन विभाग की समीक्षा के दौरान स्वच्छता कार्यक्रम, प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना एवं जल सुनवाई की समीक्षा की गई। कमिश्नर ने कहा कि जल सुनवाई के दौरान आने वाली शिकायतों का गंभीरता से निराकरण किया जाए। सीएम हेल्पलाइन अंतर्गत दर्ज होने वाली शिकायतें भी नॉट अटेंडेंट न रहे। पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होने जिले में पशुओं की नस्ल सुधार, स्वास्थ्य एवं पोषण के लिये किये जा रहे कार्यों की भी जानकारी ली। साथ ही कहा कि दुग्ध समृद्धि सम्पर्क अभियान में बेहतर परिणाम मूलक कार्य किये जायें। जिले में मिल्क रूट विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया जाए। बैठक में जल जीवन मिशन अंतर्गत स्वीकृत नल जल परियोजनाओं की प्रगति एवं गुणवत्ता की भी समीक्षा की गई।
मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा की
संभागायुक्त  के.जी. तिवारी ने मंगलवार को कलेक्टर  सिद्धार्थ जैन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सतीश राय के साथ जिले में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा की। इस दौरान उन्होने पीएम श्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस पहुँचकर मतदान केन्द्र का निरीक्षण किया एवं एईआरओ द्वारा किये जा रहे दावा आपत्तियों के निराकरण की समीक्षा भी की।

मदिरा के अवैध विक्रय व संग्रहण के विरूद्ध 12 प्रकरण दर्ज
हरदा – कलेक्टर  सिद्धार्थ जैन के निर्देशन व जिला आबकारी अधिकारी श्री सुनील भोजने के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग के मंगलवार को मदिरा के अवैध विक्रय, परिवहन व संग्रहण के विरूद्ध कार्यवाही की। जिला आबकारी अधिकारी श्री सुनील भोजने ने बताया कि इस दौरान आबकारी विभाग के दल ने जिले के टंकी मोहल्ला, खेड़ीपुरा, ग्राम बीड़, गहाल, टिमरनी, भौनखेड़ी, गोंदागांव कला, करताना व छीपानेर में दबिश दी। दबिश के दौरान कुल 46 लीटर हाथ भट्टी कच्ची महुआ शराब एवं 810 किलोग्राम महुआ लहान जप्त कर आबकारी अधिनियम 1915 के तहत कुल 12 प्रकरण दर्ज किये। जप्त मुद्देमाल का अनुमानित बाजार मूल्य 90200 रूपये है।

प्रधानमंत्री कुसुम-ब योजना के तहत ब्लॉक स्तर पर आयोजित होंगे शिविर
11 को खिरकिया, 12 को टिमरनी व 13 फरवरी को हरदा में लगेंगे शिविर
हरदा – भारत सरकार की कुसुम-ब योजना के तहत सिंचाई कार्य के लिये ऑफ ग्रिड सोलर पम्प की स्थापना का कार्य किया जाएगा। योजना में किसानों को 10 प्रतिशत अंशदान दिये जाने पर 30 प्रतिशत केन्द्रीय अनुदान एवं 60 प्रतिशत कृषक ऋण के रूप में लिया जाएगा। जिले में कृषक ऋण उपलब्ध कराने के लिये सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया को नोडल बैंक चयनित किया गया है।
जिले में कुसुम-ब योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन करने, सीआईएफ की उपलब्धता तथा डिजिटल लेंडिंग के माध्यम से बैंक लोन स्वीकृति हेतु ब्लॉक स्तर पर शिविर आयोजित किये जायेंगे। जनपद पंचायत खिरकिया में 11 फरवरी को शिविर आयोजित किया जाएगा जबकि जनपद पंचायत टिमरनी में 12 तथा जनपद पंचायत हरदा में 13 फरवरी को शिविर आयोजित होंगे। ये शिविर प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किये जायेंगे।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अंजली जोसेफ जोनाथन ने ऑफ ग्रिड सोलर पम्प की स्थापना के लिये कुल 361 कृषकों को प्रोत्साहित करने एवं जिले में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिये समिति गठित की है। समिति में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। साथ ही अतिरिक्त प्रभार जिला अक्षय ऊर्जा अधिकारी, अधीक्षण यंत्री मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी, जिला लीड बैंक प्रबन्धक तथा क्षेत्रीय प्रबन्धक सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया को सदस्य नियुक्त किया गया है।

जिला उत्कृष्ट व मॉडल स्कूल एवं श्रमोदय आवासीय प्रवेश परीक्षा 8 फरवरी को

मध्यप्रदेश राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्ड ने जारी की परीक्षा तिथि
हरदा – मध्यप्रदेश राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा जिला उत्कृष्ट व मॉडल स्कूल एवं श्रमोदय आवासीय प्रवेश चयन परीक्षा 2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह परीक्षा 8 फरवरी 2026 को सुबह 11 बजे से शुरू होगी और दोपहर 1 बजे तक चलेगी।
श्रमोदय आवासीय प्रवेश परीक्षा में कुल 2 हजार 870 विद्यार्थी एवं जिला उत्कृष्ट/मॉडल स्कूल प्रवेश परीक्षा में 80 हजार 699 विद्यार्थी शामिल होंगे। परीक्षा के लिए प्रदेशभर में कुल 386 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रवेश परीक्षा में शामिल होने वाले सभी विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र मध्यप्रदेश राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट www.mpsos.nic.in पर अपलोड कर दिए गए हैं। मध्यप्रदेश राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा यह निर्देशित किया गया है कि सभी परीक्षार्थी समय रहते अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर लें तथा निर्धारित तिथि एवं समय पर परीक्षा केंद्र पर उपस्थित हों। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए बोर्ड द्वारा कंट्रोल रूम की व्यवस्था की गई है। किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए अभ्यर्थी दूरभाष क्रमांक 0755-2552106 पर संपर्क कर अपनी समस्या का समाधान प्राप्त कर सकते हैं।

जवाहर नवोदय विद्यालय की कक्षा 9वीं और 11वीं की पार्श्व परीक्षा हेतु प्रवेश पत्र जारी
हरदा- पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, चारूवा में सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं और 11वीं में प्रवेश हेतु 7 फरवरी को पार्श्व परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। प्राचार्य नवोदय विद्यालय चारूवा ने बताया कि यह परीक्षा 7 फरवरी को प्रातः 11ः30 बजे से दोपहर 1ः30 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा में कक्षा 9 वी हेतु 420 तथा कक्षा 11 वीं के लिये 40 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र सीबीएसई द्वारा जारी कर दिए गए हैं। विद्यार्थी लिंक https://cbseitms.nic.in/2025/nvsix_9/AdminCard/Admit26Card पर क्लिक कर रजिस्ट्रेशन नम्बर व जन्म तारीख भरकर साइन इन विकल्प पर क्लिक कर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।

बिजली मीटर से छेड़छाड़ करने पर धारा 136 में होगी कार्यवाही
हरदा- मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने कहा है कि यदि बिजली के मीटर में अनावश्यक छेड़छाड़ पाई जाती है तो ऐसा करने वालों के विरूद्ध धारा 136 के तहत कार्यवाही होगी। कंपनी का कहना है कि किसी उपभोक्ता को मीटर, उसकी रीडिंग, बिलिंग या बिजली व्यवधान जैसी कोई शिकायत हो तो वे तुरंत कॉल सेंटर के फोन नंबर 1912 पर या ऑनलाइन वेबसाइट portal.mpcz.in अथवा उपाय एप या बिजली वितरण केन्द्र/ जोन कार्यालय में शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उपभोक्ताओं की शिकायतों के निराकरण की पूरी व्यवस्था की गई है। यदि उपभोक्ता शरारती तत्वों के बहकावे में आकर मीटर में तोड़फोड़ या उखाड़कर अन्यत्र स्थापित करने या सर्विस लाइन को नुकसान पहुंचाने का कार्य करते हैं तो उनके विरूद्ध विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 136 के तहत कार्रवाई होगी जिसमें 3 वर्ष का कारावास अथवा 10 हजार रूपये का जुर्माना अथवा दोनों सजाओं से दण्डित करने का प्रावधान है।
बता दें कि विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 136 में यह प्रावधान है कि ‘अनुज्ञप्तिधारी या स्वामी की सहमति के बिना कोई इलेक्ट्रिक लाइन, सामग्री या मीटर को हटाएगा या ले जाता है या अन्यत्र जगह लगाता है, चाहे वह कार्य लाभ या अभिलाभ के लिए किया गया हो या नहीं, तो इसे विद्युत लाइनों और सामग्री की चोरी का अपराध कहा जाएगा और वह कारावास से जिसकी अवधि तीन वर्ष तक की हो सकेगी या जुर्माने से या दोनों से दण्डनीय होगा।

सात दिवसीय विशेष आवासीय शिविर के चतुर्थ दिवस स्वास्थ्य शिविर सम्पन्न
हरदा – हरदा आदर्श महाविद्यालय, हरदा की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष आवासीय शिविर के चतुर्थ दिवस बुधवार को स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। दिन की शुरुआत प्रभात फेरी से हुई। इस दौरान स्वयंसेवकों ने ग्राम में भ्रमण कर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। इसके बाद स्वयंसेवकों द्वारा व्यायाम एवं योग अभ्यास किया गया, जिससे स्वस्थ जीवन शैली का संदेश दिया गया। परियोजना कार्य के अंतर्गत ग्राम में स्वास्थ्य जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से ग्रामवासियों को स्वास्थ्य शिविर में आकर स्वास्थ्य संबंधी परामर्श लेने हेतु प्रेरित किया गया। स्वास्थ्य शिविर की शुरुआत मुख्य अतिथियो द्वारा ज्ञान की देवी मां सरस्वती एवं युवाओं के प्रेरणा स्त्रोत स्वामी विवेकानंद जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर की गई। स्वास्थ्य शिविर के अंतर्गत बौद्धिक सत्र का आयोजन भी किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. फ़ज़ल खान (एएमओ, सीएचसी) एवं डॉ. विजयश्री मीणा (एएमओ, सीएचसी) उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में परामर्शदाता, उमंग स्वास्थ्य केंद्र, हरदा सुश्री पारुल काशिव व श्री गणेश सराठे तथा श्री लोकेश मंडलोई (रिजगांव स्वास्थ्य केंद्र) शामिल रहे। इस दौरान सुश्री पारुल काशिव ने मानसिक स्वास्थ्य विषय पर युवाओं को जागरूक करते हुए बताया कि शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक स्वास्थ्य का संतुलन भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच और नियमित दिनचर्या के महत्व पर प्रकाश डाला। इसके पश्चात डॉ. फ़ज़ल खान ने भी अपने विचार व्यक्त किए। अंत में स्वयंसेवकों ने ग्राम संपर्क कर ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। शिविर का यह आयोजन ग्राम में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सार्थक पहल साबित हुआ। इस सम्पूर्ण कार्यक्रम का संचालन सहायक कार्यक्रम अधिकारी  महेंद्र सोलंकी ने किया तथा आभार रासेयो कार्यक्रम अधिकारी श्री तपिश सोलंकी ने व्यक्त किया। इस सम्पूर्ण शिविर में रासेयो कार्यक्रम अधिकारी सुश्री छाया लोंगरे, सहायक प्राध्यापिका सुश्री वाणी धार्मिक, पूर्व स्वयंसेवक  जयंत राठौर,  रोहित, सुश्री मयूरी शर्मा, श्री विक्की ठाकुर,  गंभीर विश्नोई तथा सभी स्वयंसेवकों का उल्लेखनीय योगदान रहा।

Leave a Reply