पावनसिटी  हरदा
7वीं बटालियन की आकर्षक प्रस्तुति से युवाओं में उत्साह, 679 पदों पर भर्ती—05 से 19 अप्रैल तक आवेदन
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा वर्ष 2026 के लिए आरक्षक (बैंड) के 679 पदों पर भर्ती निकाली गई है। इसी क्रम में युवाओं को जागरूक एवं प्रेरित करने हेतु 7वीं बटालियन द्वारा शहर के घंटाघर बाजार क्षेत्र में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस बैंड द्वारा दी गई आकर्षक एवं प्रभावशाली प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। बैंड की धुनों से माहौल देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया तथा बड़ी संख्या में युवा कार्यक्रम स्थल पर एकत्रित हुए।
इस अवसर पर अधिकारियों ने युवाओं को संबोधित करते हुए पुलिस बैंड में भर्ती के अवसरों, आवश्यक योग्यताओं एवं चयन प्रक्रिया की जानकारी दी तथा अधिक से अधिक संख्या में आवेदन करने के लिए प्रेरित किया।
बताया गया कि इच्छुक अभ्यर्थी दिनांक 05 अप्रैल 2026 से 19 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी iforms.mponline.gov.in पोर्टल पर जाकर अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
मध्यप्रदेश पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाकर पुलिस विभाग का हिस्सा बनें और देश सेवा में अपना योगदान दें।
इस अवसर पर हरदा पुलिस से अनुविभागीय अधिकारी श्रीमति शालिनी परस्ते, श्रीमति रजनी गुर्जर, थाना प्रभारी सिविल लाइन  रामसुमेर तिवारी, कोतवाली प्रभारी  रोशनलाल भारती एवं यातायात प्रभारी सूबेदार उमेश ठाकुर उपस्थित रहे।

Leave a Reply