पावनसिटी हरदा
नेता जी सुभाष चंद्र बोस बालक आवासीय छात्रावास (बस स्टैंड हरदा) में हरदा पुलिस द्वारा संचालित “बाल मित्र जागरूकता अभियान” के अंतर्गत एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम श्रीमान पुलिस अधीक्षक महोदय हरदा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय एवं एसडीओपी महोदय के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कोतवाली हरदा के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर छात्रावास के लगभग 70–80 छात्रों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई।
थाना कोतवाली से सउनि जितेंद्र राजपूत एवं आरक्षक नीलेश पटेल द्वारा विद्यार्थियों को “गुड टच एवं बैड टच” के संबंध में विस्तार से समझाया गया। साथ ही साइबर क्राइम से बचाव के उपाय, नशे के सेवन से होने वाली मानसिक, शारीरिक एवं पारिवारिक समस्याओं तथा पुलिस की कार्यप्रणाली के बारे में भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में आत्म-सुरक्षा की भावना विकसित करना, उन्हें साइबर अपराधों एवं नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सजग करना तथा पुलिस एवं आमजन के मध्य विश्वास को सुदृढ़ करना था। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता करते हुए विभिन्न प्रश्न पूछे और विषयों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

