पावनसिटी समाचार खंडवा
खंडवा – जिले के किसान संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बुधवार को जिला पंचायत खण्डवा के सभागृह में अपर कलेक्टर श्रीमति सृष्टि देशमुख गोडा की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में गेहूं, चना उपार्जन की तैयारियों तथा फसल कटाई के पश्चात नरवाई प्रबंधन के संबंध में चर्चा की गई। किसान संगठनों के उपस्थित प्रतिनिधियों को उर्वरक वितरण के संबंध में ई_टोकन तथा ई-विकास प्रणाली के बारे में बताया। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमति सृष्टि देशमुख गोडा ने उपस्थित प्रतिभागियों को बताया कि ई-टोकन और ई-विकास प्रणाली द्वारा उर्वरक प्राप्त करने के लिये आधार कार्ड अद्यतन होना आवश्यक है। इसके लिये आवश्यकता अनुसार गांव-गांव आधार कार्ड अद्यतन हेतु शिविर भी आयोजित किये जायेगें । उन्होंने किसानो से आग्रह किया कि अपनी भूमि की फार्मर आईडी बनवा ले ताकि ई-टोकन व्यवस्था का लाभ उठा सकें।
बैठक में उप संचालक कृषि श्री नितेश यादव द्वारा ई-टोकन बनाने की संपूर्ण प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया। उन्होंने बताया कि किसान भाई evikas.mpkrishi.mp.gov.in वेबसाईट पर जाकर आधार नम्बर के माध्यम से लॉग-ईन कर पंजीयन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिन कृषको की फार्मर आईडी बनी है, वे एग्रीस्टेक के माध्यम से भू-अभिलेख से भूमि रिकार्ड का सत्यापन कर खसरावार, फसल विवरण दर्ज करे एवं उर्वरकों का चयन करने के पश्चात उर्वरक विक्रेता या संबंधित समिति का चयन कर ई-टोकन बना सकते हैं। साथ ही जिन कृषको की फार्मर आईडी नही बनी है, वे ट्रस्ट, पट्टा, सिकमी, मृत किसान जिनका भूमि नामातंरण लंबित है, असक्षम या वृद्ध किसान तथा अन्य किसानो श्रेणी हेतु ई-विकास पोर्टल से संबंधित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व के माध्यम से ऑनलाईन भूमि सत्यापन पश्चात ई-टोकन बना सकते हैं। उन्होंने बताया कि किसान भाई ई-टोकन बुक करने के बाद टोकन में दर्शाइ गई उर्वरक की मात्रा संबंधित उर्वरक विक्रेता के पास तीन दिवस की समय सीमा में उर्वरक प्राप्त कर सकते हैं। तीन दिवस की समय सीमा के पश्चात टोकन स्वतः निरस्त हो जायेगा। जिसके पश्चात पुनः टोकन बनाना पड़ेगा। बैठक मे अपर कलेक्टर श्री के.आर. बडोले भी उपस्थित थे।

Leave a Reply