पावनसिटी समाचार पत्र हरदा
हरदा- म.प्र.डे राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन हरदा द्वारा ग्रामीण बेरोजगार युवक युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रोजगार मेले का आयोजन सोमवार को ग्राम पंचायत भवन सोनतलाई एवं मंगलवार को ग्राम पंचायत करताना में बस स्टेण्ड पर आयोजित किया गया। रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनीयो एसआईएस नीमच, प्रतिभा सिंटेक्स, पीथमपुर, प्रथम एज्युकेशन भोपाल एवं वर्धमान फैब्रिक मण्डीदीप, ने सहभागीता कर युवाओं का चयन किया। ग्राम पंचायत सोनतलाई में 32 बेरोजगार युवक युवतियों ने अपना पंजीयन कराया, जिसमें से 12 युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हुए, ग्राम पंचायत करताना में 45 बेरोजगार युवक युवतियों ने अपना पंजीयन कराया जिसमें से 35 युवकों को विभिन्न कंपनियो व संस्थाओं द्वारा रोजगार के अवसर प्राप्त हुए। मेले में म.प्र.डे.राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जिला प्रबंधक राधेश्याम जाट, सहायक विकासखंड प्रबंधक लोकेश रावत विकासखंड हरदा एवं प्रभारी विकासखंड प्रबंधक अभिजीत मिश्रा, केवलराम तवर एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।
जिला स्तरीय जैव विविधता क्विज प्रतियोगिता सम्पन्न
हरदा – जिला स्तरीय म.प्र. राज्य जैवविविधता क्विज 2025 मंगलवार को डॉ. बी. आर. अम्बेडकर शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय हरदा में सम्पन्न हुई। प्रतियोगिता में जिले की 53 विद्यालयों की टीमों द्वारा सहभागिता की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वन मंडलाधिकारी हरदा सामान्य श्री अनिल चोपडा, उप वन मंडलाधिकारी दक्षिण हरदा सामान्य श्री राकेश लहरी, सहायक संचालक शिक्षा श्री बलवंत पटेल एवं प्राचार्य शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय हरदा श्री संतोष यादव उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान द. फाउण्डेशन ऑफ एजुकेशन हरदा, द्वितीय स्थान शासकीय सांदीपनी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करताना एवं तृतीय स्थान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिच्छापुर द्वारा प्राप्त किया गया। कार्यक्रम में सभी सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों को सहभागिता प्रमाण पत्र एवं प्रथम, द्वितीय, तृतीय विजेता टीम को पुरूस्कृत किया गया। प्रथम स्थान पर आने वाली टीम राज्य स्तरीय जैवविविधता क्विज 2025 में जिला हरदा का ऑनलाईन प्रतिनिधित्व करेगी। इस अवसर पर राजेन्द्र प्रसाद परिक्षेत्र अधिकारी हंडिया सा., वहीद खॉन उपवन क्षेत्रपाल, डी. के शर्मा उपवन क्षेत्रपाल, ताराचन्द्र चौरसिया वनपाल एवं सभी विद्यार्थी एवं प्रभारी शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रबल पवार क्विज समन्वयक एवं श्रीमति डॉ. श्रीलता कुट्टी क्विज समन्वयक द्वारा किया गया।

