पावनसिटी हरदा

 संवाददाता ब्रजेश रिछरिया

डीईआई राजाबरारी की डॉ.रागिनी महिला दिवस पर मध्य प्रदेश राष्ट्र भाषा समिति द्वारा सम्मानित

मध्यप्रदेश राष्ट्रभाषा प्रचार समिति, हिंदी भवन भोपाल की हरदा जिला इकाई के तत्वावधान में महिला दिवस के उपलक्ष्य में प्रतिभा सम्मान एवं स्तवन प्रसंग कार्यक्रम रविवार, 15 मार्च 2026 को दोपहर 2 बजे किसान भवन, हरदा में आयोजित किया गया।

इस अवसर पर हरदा की श्रीमती उषा गोयल एवं राजाबरारी की डॉ. ए. एस. रागिनी को उनके महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती रानी अजमेरा (पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष) ने की। इस अवसर पर श्रीमती आभा अग्रवाल एवं श्रीमती मनीषा यादव (जिला जेल अधीक्षक) विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

श्रीमती उषा गोयल सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय रहते हुए समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर योगदान दे रही हैं। उनके द्वारा कोरोना काल से 200 से अधिक लावारिस लाशों की अंतिम क्रिया संपन्न कराई गई है। बड़े स्तर पर महिला सशक्तिकरण एवं आदिवासी विकास का कार्य कर रहीं हैं।

डॉ. ए. एस. रागिनी राधास्वामी सतसंग दयालबाग एवं दयालबाग शिक्षण संस्थान से जुड़ी एक समर्पित शिक्षाविद् एवं सामाजिक उद्यमी हैं। विवाह के पश्चात वह अमेरिका का सुविधासंपन्न जीवन छोड़कर सपरिवार पिछले 14 वर्षों से हरदा जिले के आदिवासी ग्राम राजाबरारी में रहकर शिक्षा, कौशल विकास और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में कार्य कर रही हैं। उन्होंने हरदा जिले में “ग्रामीण उद्यमिता द्वारा महिला सशक्तिकरण” विषय पर अपना पीएच.डी. शोध कार्य भी पूर्ण किया है तथा आदिवासी महिलाओं को विभिन्न कौशलों का प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। डॉ रागिनी ने बताया कि इस सम्मान का पूरा श्रेय राधास्वामी सतसंग राजाबरारी एस्टेट एवं दयालबाग यूनिवर्सिटी को जाता है जिनके निस्वार्थ सेवा के सिद्धांत के अनुपालन में वह प्रयासरत हैं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन मध्यप्रदेश राष्ट्रभाषा प्रचार समिति, हरदा जिला इकाई द्वारा श्री ज्ञानेश चौबे के तत्वाधान मे किया गया।

Leave a Reply