पावनसिटी खंडवा
खंडवा – कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. नागार्जुन बी गौड़ा के साथ पंधाना विकासखंड के ग्राम पिपलोद खास, बाघमला और आरूद का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने आरूद गांव के पुराने तालाब के गहरीकरण एवं सौंदर्यीकरण की ग्रामीणों की मांग को ध्यान में रखते हुए तालाब का मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित पटवारी को तालाब की भूमि का सीमांकन करने तथा उपयंत्री को ग्राम के इस प्राचीन तालाब की फेंसिंग, गहरीकरण, पिचिंग एवं सौंदर्यीकरण कार्य का प्रोजेक्ट बनाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती पिंकी सुदेश वानखेडे भी उपस्थित थीं।
तालाब के निरीक्षण के बाद कलेक्टर गुप्ता ने ग्राम पंचायत भवन आरूद में सर्वाइकल कैंसर हेतु टीका लगवाने वाली बालिकाओं से चर्चा की और उन्हें टीकाकरण के प्रमाण पत्र भी वितरित किए । इसके अलावा कलेक्टर गुप्ता ने ग्राम बाघमला में उचित मूल्य दुकान तथा आंगनबाड़ी का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर गुप्ता ने ग्राम पिपलोद खास में जल संचय जन भागीदारी अभियान के तहत ग्राम में जनसहभागिता से निर्मित जल संरक्षण संरचनाओं का निरीक्षण किया गया साथ ही इन संरचनाओं के फोटोग्राफ पोर्टल पर अपलोड करने के कार्य का भी निरीक्षण किया।

