खंडवा कलेक्टर्स_कमिश्नर्स कॉन्फ्रेंस में  कलेक्टर  ऋषव गुप्ता ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के समक्ष खंडवा शहर में जल संरक्षण के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के संबंध में विस्तृत प्रेजेंटेशन दिया। इस दौरान उन्होंने मियांवाकी पद्धति से किए गए पौधरोपण और “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत शहरी क्षेत्र में कराए गए पौधरोपण के संबंध में जानकारी दी।
कलेक्टर  गुप्ता ने खंडवा शहर के शक्कर तालाब और दूध तलाई क्षेत्र से अतिक्रमण हटाकर वहां जल संरक्षण के लिए किए गए प्रयासों के संबंध में भी बताया। उन्होंने खंडवा शहर स्थित पदम कुंड, सूरजकुंड, रामेश्वर कुंड, झीलोद्यान और भवानी माता के कुएं की साफ सफाई कराकर वहां जल संरक्षण के लिए किए गए कार्यों के संबंध में प्रेजेंटेशन में जानकारी दी । कलेक्टर  गुप्ता ने इस दौरान बताया कि खंडवा जिले के सभी अशासकीय एवं शासकीय भवनों की पक्की छतों पर रूफ वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाकर वर्षा के जल को संरक्षित करने के लिए विशेष अभियान प्रारंभ किया गया है। इस दौरान उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान की प्रगति के संबंध में भी जानकारी दी।