पावनसिटी समाचार पत्र खंडवा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ट्रैक्टर ट्रॉली दुर्घटना के पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद के लिए किया आश्वस्त
रेस्क्यू ऑपरेशन में सराहनीय कार्य करने वाले युवाओं को गणतंत्र दिवस पर मिलेगी सम्मान राशि
गंभीर घायलों को एक-एक लाख रुपए की राहत राशि देने के निर्देश दिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने
दुर्घटना स्थल पर घाट निर्माण के निर्देश
खंडवा प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने खंडवा जिले की पंधाना तहसील के ग्राम जामली राजगढ़ पहुंचकर ट्रैक्टर ट्राली दुर्घटना के मृतकों के परिजनों से भेंटकर शोक संवेदना प्रकट की, और दुर्घटना प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद दिलाने के लिए आश्वस्त किया। इस दौरान उन्होंने मृतकों के परिजनों को 4_4 लाख रुपए की राहत राशि के स्वीकृति आदेश भी प्रदान किये। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने ट्रैक्टर ट्राली दुर्घटना के रेस्क्यू ऑपरेशन में सराहनीय योगदान देने वाले युवाओं करण, आकाश, मुकेश, राजा, ग्यारसा, दीपक और अशोक से चर्चा कर घटना के संबंध में जानकारी ली और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने ट्रैक्टर ट्राली दुर्घटना के रेस्क्यू ऑपरेशन में सराहनीय योगदान देने वाले युवाओं को गणतंत्र दिवस पर 51-51 हजार रुपए की सम्मान राशि देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दुर्घटना स्थल पर घाट निर्माण के आदेश भी कलेक्टर ऋषव गुप्ता को दिए। उन्होंने इस दुर्घटना के गंभीर घायलों को एक-एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने के निर्देश भी दिए। प्रदेश के जनजातीय कार्य विभाग के मंत्री. कुंवर विजय शाह, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, मांधाता विधायक नारायण पटेल, खंडवा विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तन्वे, पंधाना विधायक श्रीमती छाया मोरे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पिंकी सुदेश वानखेडे, जिला भाजपा अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर, संभाग आयुक्त इंदौर डॉ. सुदाम खाड़े सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार शाम को मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रहे ग्रामीणों से भरी एक ट्रैक्टर ट्रॉली ग्राम जामली राजगढ़ के पास स्थित अर्दला तालाब के रपटे पर पलट जाने से पंधाना तहसील के ग्राम पाडल्या फाटा निवासी 11 ग्रामीणों की दुखद मृत्यु हो गई थी। इस दुखद हादसे की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतकों के निकटतम परिजनों को चार-चार लाख रुपए की आर्थिक मदद दिलाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस दुर्घटना पर दुख व्यक्त करते हुए सभी मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए तथा घायलों के लिए 50-50 हजार रुपए की आर्थिक मदद देने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।
कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने बताया कि इस दुर्घटना के मृतकों में कु. आरती 18 वर्ष, दिनेश 13 वर्ष, उर्मिला 16 वर्ष, शर्मिला 15 वर्ष, गणेश 20 वर्ष, किरण 16 वर्ष, पाटली 25 वर्ष, रेवसिंह 13 वर्ष, आयुष 9 वर्ष, संगीता 16 वर्ष और चंदा 8 वर्ष शामिल हैं।

