पावनसिटी खण्डवा
लाड़ली बहना योजना की सवा करोड़ हितग्राहियों के खाते में 1836 करोड़ रू. ट्रांसफर किए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने
600 करोड़ रू. से अधिक के विकास कार्यों का शुभारम्भ किया मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने
खण्डवा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को पंधाना में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में लाड़ली बहना योजना की प्रदेश की कुल 1.25 करोड़ हितग्राहियों के बैंक खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से कुल 1836 करोड़ रूपए की राशि ट्रांसफर की। इनमें खण्डवा जिले की लगभग 2 लाख हितग्राही शामिल हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पंधाना क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए की घोषणाएं
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव ने कार्यक्रम में सुक्ता माइक्रो सिंचाई परियोजना स्वीकृत करने, जल संसाधन विभाग का पंधाना तालाब नगर परिषद को हस्तांतरित करने तथा पन्धाना में एक जिला एक उत्पाद योजना के तहत प्याज की प्रोसेसिंग यूनिट स्वीकृत करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में महिलाओं का विशेष सम्मान है। प्रदेश सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए प्रयासरत है। इसी क्रम में प्रदेश सरकार ने लाड़ली बहना योजना प्रारम्भ की है। उन्होंने कहा कि पहले गरीब परिवार बेटी की शादी के लिए कर्जा लेते थे, लेकिन अब गरीब परिवार की कन्याओं के विवाह के लिए मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 55 हजार रूपए की सहायता दी जाती है।
 
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर लगभग 255 करोड़ रूपए लागत के 2 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लगभग 354 करोड़ रूपए लागत के 11 निर्माण कार्यों का लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में 252 करोड़ रूपए लागत की खण्डवा नगर निगम की सीवरेज परियोजना एवं 2.90 करोड़ रूपए लागत से निर्मित होने वाले पंधाना बस स्टैण्ड, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स एवं रैन बसेरा के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पंधाना में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 354 करोड़ रूपए लागत के कुल 11 कार्यों का लोकार्पण किया, जिनमें 301.41 करोड़ रूपए लागत से निर्मित भाम सिंचाई परियोजना, 37 करोड़ रूपए लागत से निर्मित सांदीपनि विद्यालय पंधाना, 11.06 करोड़ रूपए की लागत से निर्मित होने वाले संयुक्त एसडीएम कार्यालय पंधाना का भवन शामिल हैं। इसके अलावा कार्यक्रम में 65-65 लाख रूपए लागत से निर्मित होने वाले छैगांवदेवी एवं हरसवाड़ा के कुल 2 आयुष्मान आरोग्य केन्द्रों के भवनों, बलखड़घाटी में 49 लाख रूपए लागत से निर्मित आयुष्मान आरोग्य केन्द के भवन के साथ साथ 52-52 लाख रूपए लागत से छैगांवमाखन, रेहमापुर एवं हरसवाड़ा में निर्मित सहकारिता विभाग के गोडाउन के नए भवनों तथा 50-50 लाख रूपए लागत से ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट भवन तथा प्रयोगशाला भवन का लोकार्पण भी मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किया।
इससे पूर्व सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटिल ने अपने सम्बोधन में खण्डवा जिले में आज 600 करोड़ रूपए से अधिक की सौगात देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आभार प्रकट किया। विधायक श्रीमती छाया मोरे ने कार्यक्रम में सम्बोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश लगातार प्रगति कर रहा है। उन्होंने पंधाना क्षेत्र में प्याज की प्रोसेसिंग यूनिट स्वीकृत करने का अनुरोध मुख्यमंत्री डॉ. यादव से किया। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर व दीप प्रज्वलित कर किया।
जनप्रतिनिधि व अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में प्रदेश के जनजातीय कार्य विभाग के मंत्री कुंवर विजय शाह, जल संसाधन मंत्री  तुलसीराम सिलावट, सांसद  ज्ञानेश्वर पाटिल, विधायक पंधाना श्रीमती छाया गोविंद मोरे, खण्डवा विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तन्वे, मांधाता विधायक  नारायण पटेल, खण्डवा की महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पिंकी सुदेश वानखेड़े, जिला पंचायत के उपाध्यक्ष  दिव्यादित्य शाह, संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, पुलिस महानिरीक्षक श्री अनुराग, कलेक्टर  ऋषव गुप्ता, पुलिस उप महानिरीक्षक खण्डवा  मनोज कुमार राय, जिला भाजपा अध्यक्ष  राजपाल सिंह तोमर सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी भी मौजूद थे।

Leave a Reply