गणना फार्म भरने में मतदाताओं का सहयोग कर सकेगा बी.एल.ओ.
मतदाताओं की सुविधा के लिए हेल्‍पडेस्‍क स्‍थापित की जाएगी
म.प्र.के मुख्‍य निर्वाचन पदाधिकारी ने वी.सी. के माध्‍यम से की एस.आई.आर. कार्य की प्रगति की समीक्षा
मुख्‍य निर्वाचन पदाधिकारी म.प्र.श्री संजीव कुमार झा ने वीडियों कांफ्रेंसिंग के माध्‍यम से मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की विस्‍तार से समीक्षा की और सभी जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों को गणना फार्म वितरण का कार्य दो दिवस में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्‍होने सभी मतदाताओं गणना फार्म वितरण एवं भरे हुए फार्म संग्रहण के कार्य में बी.एल.ओ.के सहयोग के लिए अन्‍य शासकीय सेवकों को भी लगाने के निर्देश दिए। सीईओ एम.पी.श्री झा ने मतदाता की सुविधा के लिए तहसील उपखण्‍ड जिला स्‍तर पर आवश्‍यकतानुसार हेल्‍पडेस्‍क स्‍थापित करने और हेल्‍पडेस्‍क पर पर्याप्‍त कर्मचारी तैनात करने के निर्देश दिए। इस मौके पर संयुक्‍त मुख्‍य निर्वाचन पदाधिकारी श्री जादोन भी मौजूद थे। उन्‍होने बीएलओ की कार्य प्रणाली एवं बीएलए की नियुक्ति के संबंध में विस्‍तार से अवगत कराया।
सीईओ श्री झा ने कहा, कि मतदाताओं को वितरित किए गये गणना फार्म भरने का दायित्‍व मतदाता का है, परंतु फिर भी संबंधित बीएलओ किसी मतदाता को फार्म भरने में कोई समस्‍या, कठिनाई होती है, तो मतदाता की फार्म भरवाने में मदद कर सकेगा। उन्‍होने सभी जिला अधिकारियों को गणना पत्रक वितरण कार्य एवं भरे हुए गणना फार्म संग्रहण कार्य की प्रतिदिन की प्रगति की नियमित समीक्षा करने और इस कार्य में बीएलओ को सहयोग के लिए बीएलओ सुपरवाईजर को भी पाबंद करने के निर्देश दिए। नीमच के एनआईसी कक्ष में आयोजित इस वीडियों कांफ्रेंसिंग में कलेक्‍टर  हिमांशु चंद्रा, एडीएम एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी  बी.एस.कलेश, एसडीएम नीमच संजीव साहू, मास्‍टर ट्रेनर  मनोज जैन सहित अन्‍य अधिकारी उपस्थि‍त थे।