पावनसिटी हरदा

7 को टिमरनी, 8 को खिरकिया तथा 9 को हरदा में आयोजित होंगे शिविर
हरदा – मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तत्वावधान में जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर उपलब्ध कराने के लिये ‘एसआईएस’ केन्द्रीय प्रशिक्षण केन्द्र रीजनल ट्रेनिंग नीमच द्वारा जिले के विभिन्न विकासखंडों में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के पदों पर सीधी भर्ती के लिए रोजगार कैंपों का आयोजन किया जा रहा है। जिला परियोजना प्रबन्धक श्री रामनिवास कालेश्वर ने बताया कि ये शिविर जनपद पंचायत टिमरनी में 7 अप्रैल, जनपद पंचायत खिरकिया में 8 अप्रैल तथा जनपद पंचायत हरदा में 9 अप्रैल को सुबह 10ः30 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित किए जाएंगे।
श्री कालेश्वर ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए इच्छुक उम्मीदवारों को कक्षा 8वीं पास या उससे ऊपर, आयु सीमा 18 वर्ष से 38 वर्ष के बीच, ऊंचाई न्यूनतम 163 सेंटीमीटर और वजन कम से कम 48 किलोग्राम होना आवश्यक है। उन्होने संबंधित विकासखंडों को निर्देश दिए गए हैं कि वे इन शिविरों का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करें ताकि पात्र युवाओं को इसका लाभ मिल सके।

जनगणना 2027 के तहत पहले चरण की शुरूआत 16 अप्रैल से
नागरिक घर बैठे दर्ज कर सकेंगे अपना विवरण
हरदा – जनगणना 2027 के तहत प्रथम चरण की शुरूआत 16 अप्रैल से होगी। इस ऐतिहासिक चरण में 16 से 30 अप्रैल 2026 के बीच नागरिक ‘स्व-गणना’ प्रक्रिया के माध्यम से अपने परिवार और घर की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। संयुक्त कलेक्टर एवं जिला जनगणना प्रभारी सुश्री रजनी वर्मा ने बताया कि स्व-गणना एक नया सुविधाजनक विकल्प है। यह परिवार के किसी भी उत्तरदाता को सुरक्षित वेब पोर्टल का उपयोग करते हुए अपने घर अथवा कार्यालय या अन्य किसी स्थान से ऑनलाइन अपने परिवार की जानकारी स्वयं भरने की सुविधा प्रदान करता है।
सुश्री वर्मा ने बताया कि स्वगणना के तहत आपको ऑनलाइन फार्म भरकर एक विशिष्ट आईडी जनरेट करना होता है, जिसे बाद में आने वाले जनगणना कर्मचारी को दिखाना होता है, जिससे डेटा सत्यापन आसान हो जाएगा। यह पोर्टल 16 अलग-अलग भाषाओं में उपलब्ध होगा, ताकि लोग अपनी मातृभाषा में जानकारी साझा कर सकें। इस प्रक्रिया में मुख्य रूप से दो श्रेणियों में डेटा एकत्र किया जाएगा। मकान सूचीकरण के तहत घर के स्वामित्व, निर्माण सामग्री और उपलब्ध सुविधाओं का विवरण होगा तथा जनसंख्या विवरण के तहत परिवार के सदस्यों के नाम, उनकी आयु, शिक्षा और व्यवसाय की जानकारी शामिल होगी। सुश्री वर्मा ने नागरिकों से अपील की है कि स्वगणना के दौरान सही उत्तर देना धारा 8 के तहत अनिवार्य है। स्वगणना में सभी प्रश्नों का सही उत्तर दें। अंतिम सबमिशन से पहले, स्वगणना के माध्यम से दर्ज आंकड़ों की पर्यवेक्षकों द्वारा फील्ड विजिट के दौरान जांच की जाएगी।

Leave a Reply