पावनसिटी खण्डवा
खण्डवा -सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ नागरिकों को दिलाने के उद्देश्य से प्रदेश में इन दिनों “संकल्प से समाधान” अभियान आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत रविवार को छैगांवमाखन विकासखण्ड के ग्राम डुल्हार और देशगांव में शिविर आयोजित किये गए। जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री के आर कानूड़े ने बताया कि डुल्हार में आयोजित शिविर में विधायक पंधाना श्रीमती छाया मोरे एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष छैगांवमाखन सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। शिविर में तहसीलदार छैगांवमाखन श्री अभय भटोरे और अन्य उपस्थित अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग की योजनाओं के बारे में ग्रामीणों को बताया।
शिविर में विभिन विभागों से संबंधित प्राप्त 20 आवेदनों में से 12 का मौके पर ही निराकरण किया गया। शिविर में विधायक श्रीमती मोरे द्वारा 6 हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति के आदेश वितरित किए गए, कुल 5 हितग्राहियों को फौती नामांतरण संबंधी दस्तावेज प्रदान किए गए। इसके अलावा शिविर में कुल 5 ग्रामीणों के नामांतरण किए गए तथा 2 के बंटवारे किए गए, 3 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए, 5 ग्रामीणों को नल कनेक्शन दिए गए और 4 ग्रामीणों को मकान निर्माण की अनुमति दी गई।
इसके अलावा देशगांव में आयोजित शिविर में 2 ग्रामीणों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए जबकि 6 ग्रामीणों के फौती नामांतरण किए गए।

