पावनसिटी  खंडवा
खंडवा – जनजातीय नृत्य, संगीत एवं शिल्प कलाओं पर केंद्रित 3 दिवसीय “आदिरंग” महोत्सव का शुभारंभ प्रदेश के जनजातीय कार्य विभाग के मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने दीप प्रज्वलित कर किया। शुक्रवार शाम को छनेरा के स्टेडियम ग्राउंड में आयोजित इस कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष श्री राजपाल सिंह तोमर, नगर परिषद छनेरा के अध्यक्ष श्री मुकेश वर्मा, अध्यक्ष जनपद पंचायत, हरसूद श्रीमती ममता सतीश सावनेर सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद थे।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए मंत्री डॉक्टर विजय शाह ने कहा कि “आदिरंग महोत्सव” का आयोजन सामान्यतः भोपाल, इंदौर, जबलपुर जैसे महानगरों में होता है। खंडवा जिले के छोटे से कस्बे छनेरा में इतने बड़े कार्यक्रम के आयोजन की स्वीकृति के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि आदिवासी लोककला, संस्कृति तथा आदिवासियों के गौरवशाली इतिहास के बारे में नागरिकों को जानकारी देने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है। मंत्री श्री शाह ने उपस्थित नागरिकों को नववर्ष एवं नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर संबोधित करते हुए भाजपा के जिला अध्यक्ष श्री तोमर ने इस राज्य स्तरीय आयोजन के लिए क्षेत्र के नागरिकों को बधाई दी। कार्यक्रम का शुभारंभ छनेरा के अरिहंत पब्लिक स्कूल की छात्रा तनीषा राजोरिया के एकल नृत्य से हुआ।
पहले दिन हुए ये कार्यक्रम
जनजातीय नृत्य-संगीत एवं शिल्प कलाओं पर केंद्रित यह आयोजन जनजातीय लोक कला एवं बोली विकास अकादमी भोपाल एवं जिला प्रशासन खण्डवा के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जननायक जनजातीय जनयोद्धाओं केन्द्रित एवं माँ नर्मदा गोण्ड जनजातीय गीतों और कथाओं पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का भी संयोजन किया गया। तीन दिवसीय इस आयोजन के पहले दिन शुक्रवार को पिथौराः भीली जल कथा नृत्य-नाट्य जिसका पुनर्सयोजनः चन्द्रमाधव बारीक, भोपाल द्वारा किया गया। वहीं समारोह में महाकाल ढोल श्री बाबा बटेश्वर कीर्तन समिति, भोपाल, भगोरिया नृत्य भील जनजातीय कैलाश सिसोदिया एवं साथी-धार, बधाई-नौरता नृत्य रचना तिवारी एवं साथी- सागर, करमा-फाग नृत्य बैगा जनजातीय- धनीराम बगदरिया एवं साथी-डिण्डोरी, राठ-होली नृत्य राठवा जनजातीय बनसिंह राठवा एवं साथी-गुजरात एवं सिंगारी नृत्य अभिजीत दास एवं साथी-उड़ीसा द्वारा प्रस्तुति गई।

Leave a Reply