पावनसिटी समाचार पत्र हरदा
मध्य प्रदेश के हरदा जिले में पुलिस महानिरीक्षक नर्मदापुरम जोन द्वारा हरदा जिले का दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण सम्पन्न
आई.जी. महोदय द्वारा उत्कृष्ट टर्नआउट पर सम्मान, पुलिस लाइन दरबार में कर्मचारियों–परिवारों से सीधा संवाद
पुलिस महानिरीक्षक नर्मदापुरम जोन मिथिलेश कुमार शुक्ला द्वारा दिनांक 08 एवं 09 दिसम्बर 2025 को जिला हरदा पुलिस बल का दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली, अनुशासन, जनसेवा, उपकरणों की उपलब्धता तथा अधीनस्थ इकाइयों के रखरखाव की विस्तृत समीक्षा की गई।
पहला दिवस – 08 दिसम्बर 2025
पुलिस महानिरीक्षक शुक्ला ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय हरदा का निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यालयीन शाखाओं के रिकार्ड, लंबित प्रकरणों, अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, तकनीकी शाखा तथा जनसेवा संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन कर आवश्यक निर्देश प्रदान किए।
दूसरा दिवस – 09 दिसम्बर 2025
दूसरे दिन पुलिस महानिरीक्षक ने पुलिस लाइन हरदा में आयोजित वार्षिक निरीक्षण परेड की सलामी ली। परेड निरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट टर्नआउट एवं अनुशासन प्रदर्शित करने वाले अधिकारी/कर्मचारियों को उचित पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसके उपरांत पुलिस लाइन परिसर, शस्त्रागार, एम.टी. शाखा, वाहनों की स्थिति तथा रख–रखाव रजिस्टरों का गहन निरीक्षण किया गया। महानिरीक्षक द्वारा पुलिस लाइन में दरबार आयोजित कर अधिकारी/कर्मचारियों व उनके परिवारजनों से संवाद किया गया तथा उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु निर्देश दिए गए।
थानों एवं अनुभाग का निरीक्षण
पुलिस महानिरीक्षक द्वारा थाना कोतवाली हरदा का वार्षिक निरीक्षण कर अपराध रिकार्ड, केस डायरी, लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति तथा थाना प्रबंधन का मूल्यांकन किया गया और थाना प्रभारी को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
निरीक्षण के अंतर्गत अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, अनुभाग टिमरनी का भी वार्षिक निरीक्षण किया गया।
महत्वपूर्ण निर्देश
दो दिवसीय निरीक्षण के दौरान आई.जी. शुक्ला ने जिले की कानून–व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, महिला सुरक्षा, नागरिक सुविधाओं, प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण तथा पुलिस की जनसुलभ छवि को और अधिक मजबूत करने हेतु महत्वपूर्ण दिशा–निर्देश जारी किए।

