पावनसिटी टिमरनी हरदा
संवाददाता ब्रजेश रिछरिया
टिमरनी- नगर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर महिलाओं ने दिनांक 24 फरवरी को पुलिस अधीक्षक हरदा के नामे थाना प्रभारी मुकेश गौढ़ को ज्ञापन सौंपा है। वार्ड नंबर 3 की महिलाओं ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि नगर में लगभग 3 माह से लगातार आवासीय व व्यवसायिक स्थानों पर चौरी की बड़ी बड़ी घटनाएं हो रही हैं जिनमें वार्ड नंबर 3 में ही 3 बड़ी बड़ी घटनाएं हुई हैं जिसमें पिछली रात को ही काकोड़िया परिवार में लगभग 20 लाख रुपए की चोरी हुई है। परंतु पुलिस आज तक किसी भी चोरी का खुलासा नहीं कर पाई है। लगातार हो रही चोरियों से आमजन में भय व डर बना हुआ है। पुलिस के रवैये से नगर के लोगों में आक्रोश बना हुआ है। महिलाओं ने एसपी से निवेदन किया कि नगर में लगातार हो रही चोरियों का गंभीरता से पता लगाया जावे ताकि शहर की जनता भय मुक्त जीवन जी सके। महिलाओं ने पुलिस को सात दिन में चोरों का पता लगाने का निवेदन किया है अन्यथा चेतावनी भी दी है कि सात दिन बाद सभी महिलाएं पुलिस थाने में ही अनिश्चिकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर देंगी जिसकी जवाबदारी संबंधित विभाग की होगी। इस दौरान मायाबाई राजश्री तिवारी पलक उपरीत सरिता मरावे रेखा यादव रचना यादव गायत्री बाई दिक्षा उपरीत ज्योति यादव स्नेहा सुनीता प्रेम बाई आदि महिलाएं उपस्थित रहीं। काफी समय से नगर में चोरी व मारपीट की घटनाओं को लेकर नगरवासियों व विपक्षी दल कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर विभिन्न वाट्स एप ग्रुपों पर मुद्दा उठाया हुआ है जहां पुलिस व सत्ताधारी दल भाजपा के नेताओं पर भी निशाना साधा जा रहा है।
पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष सुभाष जायसवाल लिखते हैं कि पहले टिमरनी ऐसा ना था आज शहर के सभी गणमान्य नागरिकों सभी दलों के नेता बड़े व्यवसायी समाज सेवी टिमरनी में हो रही चोरी की वारदातें अन्य अशांति फैलाने वालों के खिलाफ टिमरनी की जनता कब जागेगी?
विगत कुछ महीनों से हमारे टिमरनी नगर में लगातार चोरियां हो रही हैं। आम नागरिक असुरक्षित महसूस कर रहे हैं, लेकिन न तो पुलिस की सख्ती दिखाई दे रही है और न ही प्रशासन की कोई गंभीरता दिखाई दे रही है। विपक्ष का विरोध सत्ता पक्ष नजर अंदाज कर रहा है। जनता लुट रही है और सत्ता के जवाबदारों को कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। कल रात को वार्ड नंबर 3में लगभग 20 लाख की चोरी हुई है इससे पहले शहर के कई मकानों में लाखों की चोरी हुई है पर नतीजा कुछ नहीं ऐसा लगता है जैसे चोरी करने वालों को पुलिस से कोई डर ही नहीं है। लगता है जनता को अपनी लड़ाई खुद लड़ना होगी इतनी बड़ी चोरी की वारदात हुई परन्तु मीडिया ने कोई खबर नहीं दी लोकतंत्र में मीडिया को चौथा स्तंभ माना है उसकी चुप्पी भी हमे चिंता में डाल रही है। क्या टिमरनी की जनता सोये हुई है?
क्या हमारी राजनीति सिर्फ चुनाव तक सीमित है? क्या कानून व्यवस्था भगवान भरोसे छोड़ दी गई है? अगर आज हम चुप रहे, तो कल यह समस्या और बढ़ेगी। पुलिस प्रशासन से निवेदन है कि रात्रि गश्त बढ़ाई जाए, संदिग्धों पर सख्ती की जाए और जनता को भरोसा दिलाया जाए।
और जनप्रतिनिधियों से सवाल है कि
क्या जनता की सुरक्षा आपकी प्राथमिकता है या नहीं? अब समय आ गया है कि टिमरनी जागे।
सुरक्षा अधिकार है, उपकार नहीं।
सुभाष जायसवाल पूर्व अध्यक्ष नगर परिषद टिमरनी

