पावनसिटी खण्डवा
खण्डवा – प्रदेश के जनजातीय कार्य विभाग के मंत्री कुंवर विजय शाह शुक्रवार को खण्डवा के माखनलाल चतुर्वेदी शासकीय कन्या महाविद्यालय में आयोजित छात्रोत्सव कार्यक्रम “पंख” में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में खण्डवा की महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव, विधायक खण्डवा श्रीमती कंचन मुकेश तन्वे, के अलावा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विनय कुमार जैन एवं महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं विद्यार्थीगण भी मौजूद थे।
इस अवसर पर मंत्री शाह ने सम्बाोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों की बेहतर शिक्षा के लिए लगातार प्रयास कर रही है। विद्यार्थी सिर्फ पढ़ाई पर ध्यान दें, प्रदेश सरकार उनकी उच्च शिक्षा के लिए हरसंभव मदद करेगी। इस अवसर पर उन्होंने गर्ल्स कॉलेज के लिए 2 वाटर कूलर स्वीकृत करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कन्या महाविद्यालय की छात्राओं के कॉलेज आने जाने के लिए बस की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही कन्या महाविद्यालय खण्डवा में शेड भी निर्मित कराया जाएगा, ताकि वार्षिकोत्सव एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए छात्राओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध हो। मंत्री शाह ने इस अवसर पर कहा कि खण्डवा के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
खण्डवा की महापौर श्रीमती यादव ने इस अवसर पर कहा कि महिला शिक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि एक महिला शिक्षित होती है तो वह अपने दोनों परिवारों का भविष्य सुधार सकती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बालिका शिक्षा प्रोत्साहन के लिए विशेष प्रयास कर रही है। मेधावी छात्राओं को स्कूटी देकर प्रोत्साहित किया जा रहा है। कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्र संघ प्रभारी डॉ. सीमा कदम ने महाविद्यालय की छात्राओं की उपलब्धियों के बारे में विस्तार से बताया। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर व दीप प्रज्वलित कर किया।

Leave a Reply