पावनसिटी खण्डवा
खण्डवा – मध्यप्रदेश पॉवर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड ने विद्युत उत्पादन के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण के क्षेत्र में अपनी प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि अर्जित की है। गोवा में आयोजित 15वें फ्लाई ऐश उपयोगिता पुरस्कार 2026 समारोह में खण्डवा जिले के दोंगलिया में स्थित श्री सिंगाजी ताप विद्युत गृह को फ्लाई ऐश के सुनियोजित एवं अधिकतम उपयोग के लिये राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा गया है। ऊर्जा एवं पर्यावरण प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने वाली एक प्रतिष्ठित संस्था मिशन एनर्जी फाउंडेशन द्वारा आयोजित राष्ट्रीय समारोह में यह सम्मान प्रदान किए गए।
श्री सिंगाजी ताप विद्युत गृह को मिले दो पुरस्कार
इस कार्यक्रम में श्री सिंगाजी ताप विद्युत परियोजना को फ्लाई ऐश के उत्कृष्ट व असाधारण उपयोग करने और ओवरऑल चैंपियन-फ्लाई ऐश मैनेजमेंट एक्सीलेंस के लिए दो सर्वाेच्च सम्मान प्रदान किए गए हैं। उल्लेखनीय है कि श्री सिंगाजी ताप विद्युत गृह दोंगलिया, खंडवा द्वारा वित्तीय वर्ष 2024-25 के दौरान कुल 61,21,066 मीट्रिक टन ऐश का सफलतापूर्वक निस्तारण एवं उपयोग सुनिश्चित किया गया। यह उपलब्धि 161 प्रतिशत उपयोगिता दर को दर्शाती है। यह न केवल वर्तमान फ्लाई ऐश के शत-प्रतिशत उपयोगिता का प्रमाण है, बल्कि पूर्व में संचित (लीगेसी) ऐश के बड़े पैमाने पर वैज्ञानिक निस्तारण को भी रेखांकित करती है।

