पावनसिटी समाचार खण्डवा
खण्डवा- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर राज्य सरकार की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र लोगों को दिलाने के लिये प्रदेश में 12 जनवरी से “संकल्प से समाधान” अभियान प्रारम्भ किया गया है। कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने बताया कि इस अभियान के तहत जिले की ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में नागरिकों से सम्पर्क कर आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं। आवेदनों के एकत्रीकरण के लिए दल गठित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि “संकल्प एवं समाधान” अभियान का प्रथम चरण आगामी 15 फरवरी, 2026 तक जारी रहेगा। प्रथम चरण में आवेदन प्राप्त करने की कार्यवाही की जा रही है।
कलेक्टर  गुप्ता ने बताया कि ग्राम पंचायत एवं नगरीय वार्ड स्तर के दलों में शामिल अधिकारी कर्मचारी घर घर जाकर आवेदन प्राप्त कर रहे हैं। इसके साथ ही आवेदन प्राप्त करने के लिए शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में शिविर भी लगाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अभियान का दूसरा चरण 16 फरवरी, से प्रारंभ होकर 16 मार्च तक जारी रहेगा। प्रथम चरण में प्राप्त आवेदनों के साथ शेष आवेदन पत्रों के निराकरण के लिये द्वितीय चरण में शिविर लगाए जाएंगे। इस अभियान के तीसरे चरण में 16 से 26 मार्च ब्लॉक मुख्यालय या नगरीय स्तर पर शिविर आयोजित कर नागरिकों की शिकायतों का निराकरण किया जाएगा।