पावनसिटी समाचार पत्र हरदा 

मध्य प्रदेश के हरदा जिले में हरदा पुलिस अधीक्षक शशांक के निर्देशन में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिले में चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत आज यातायात पुलिस हरदा द्वारा शासकीय आदर्श महाविद्यालय, हरदा में विशेष जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में प्रधान आरक्षक महेश शर्मा द्वारा विद्यार्थियों को विभिन्न यातायात नियमों की विस्तार से जानकारी दी गई, जिसमें हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, बिना लाइसेंस वाहन न चलाना, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, ओवरटेकिंग एवं ओवरस्पीडिंग से होने वाले खतरे तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने जैसी महत्वपूर्ण बातों पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर सूबेदार एवं थाना प्रभारी यातायात  उमेश ठाकुर द्वारा शासन की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया गया कि —
🔹 राहवीर योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना के घायल व्यक्ति को गोल्डन आवर में अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने पर ₹25,000 का पुरस्कार दिया जाता है।
🔹 हिट एंड रन योजना के अंतर्गत अज्ञात वाहन से दुर्घटना में मृत व्यक्ति के परिजनों को ₹2,00,000 तथा गंभीर रूप से घायल को ₹50,000 की सहायता राशि प्रदान की जाती है।
सूबेदार उमेश ठाकुर द्वारा विद्यार्थियों को हेलमेट पहनने के महत्व पर विशेष रूप से समझाइश दी गई तथा दुर्घटनाओं के वास्तविक उदाहरणों के माध्यम से उसके जीवनरक्षक लाभ बताए गए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों द्वारा यातायात नियमों से संबंधित अनेक प्रश्न पूछे गए, जिनका सूबेदार उमेश ठाकुर द्वारा सरल एवं स्पष्ट रूप से समाधान किया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में
थाना प्रभारी यातायात सूबेदार उमेश ठाकुर,
प्रधान आरक्षक महेश शर्मा,
आरक्षक अभिषेक,
महाविद्यालय के प्रचारक विजय कुमार अग्रवाल
महाविद्यालय स्टाफ तथा लगभग 80 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे