पावनसिटी  हरदा
“जनता के पैसे पर राजनीतिक डाका!” – बस स्टैंड भूमिपूजन को लेकर कांग्रेस का बड़ा आरोप, आंदोलन की चेतावनी
हरदा। नगर पालिका परिषद हरदा में बस स्टैंड निर्माण के नाम पर अब खुलकर “राजनीतिक खेल” खेले जाने के आरोप लगे हैं। नेता प्रतिपक्ष अमर रोचलानी ने कांग्रेस पार्षदों के साथ कलेक्टर को शिकायत सौंपते हुए इस पूरे मामले को “जनता के पैसे पर राजनीतिक डाका” बताया है।

अमर रोचलानी ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “बस स्टैंड जनता के कर के पैसे से बन रहा है, लेकिन उसे भाजपा का निजी कार्यक्रम बनाकर पेश किया जा रहा है। यह सिर्फ प्रोटोकॉल उल्लंघन नहीं, बल्कि जनता के अधिकारों की खुली लूट है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि शासकीय कार्यक्रम होने के बावजूद निमंत्रण पत्र से मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) और क्षेत्रीय विधायक का नाम जानबूझकर हटाया गया, ताकि नियमों को दरकिनार कर पूरा श्रेय एक ही राजनीतिक दल को दिया जा सके।
कांग्रेस पार्षदों ने इसे प्रशासनिक निष्पक्षता पर सीधा हमला बताते हुए कहा कि नगर पालिका को “राजनीतिक प्रचार मशीन” में बदल दिया गया है, जहां जनता के पैसे से सत्ताधारी दल अपनी ब्रांडिंग कर रहा है।
रोचलानी ने नगर पालिका अध्यक्ष पर सीधा वार करते हुए कहा कि “जब उन्हें अपने हित में प्रोटोकॉल चाहिए होता है तो नियमों की दुहाई देती हैं, और जब जनता के पैसे पर श्रेय लेना होता है तो वही नियम कूड़ेदान में फेंक दिए जाते हैं।”
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि “अगर इस मामले में तुरंत सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस पार्षद सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेंगे और हर वार्ड में इस ‘राजनीतिक लूट’ का पर्दाफाश करेंगे।” इस शिकायत में उनके साथ पार्षद मुकेश पाराशर, सुप्रिया पटेल, प्रीति पटेल, शिवरात्रि गीत, बबीता सोनकर, धर्मेंद्र चौहान, पिंकू जायसवाल, रमेश सोनकर एवं जेबुनिशा पटेल भी शामिल रहे।

Leave a Reply