पावनसिटी समाचार पत्र हरदा

अपने पिता भाई से जिद करके कहें कि वे बिना हेलमेट के मोटरसाइकिल न चलाएं- अति. पुलिस अधीक्षक
पुलिस अधीक्षक  शशांक के नेतृत्व में आज जिला पुलिस बल द्वारा हरदा शहर स्थित सेंट मेरी को-एड हायर सेकेंडरी स्कूल में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं को यातायात नियम, सायबर अपराध, महिला सुरक्षा, एवं मेडिटेशन से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत यातायात प्रभारी सूबेदार उमेश ठाकुर द्वारा की गई। उन्होंने नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, तेज गति से वाहन न चलाने आदि आवश्यक यातायात नियमों की जानकारी दी। साथ ही भारत सरकार की राहवीर (गुड समेरिटन) योजना के बारे में बताया, जिसके अंतर्गत घायल व्यक्ति की मदद कर उसकी जान बचाने वाले को राहवीर उपाधि तथा ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है।
इसके पश्चात उप पुलिस अधीक्षक (महिला सेल) सुश्री अरुणा सिंह द्वारा छात्राओं को महिला अपराधों, छेड़छाड़ एवं सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई तथा महिलाओं ,बालिकाओं की सुरक्षा के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया।
रक्षित निरीक्षक श्रीमती रजनी गुर्जर ने छात्राओं को मेडिटेशन कराया और मानसिक स्वास्थ्य, शांति एवं एकाग्रता बढ़ाने में मेडिटेशन के महत्व को विस्तार से समझाया।
कार्यक्रम के अंत में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  अमित कुमार मिश्रा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि—
आप यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिजनों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं से कहा
अपने पिता अथवा भाई से जिद करके कहें कि वे बिना हेलमेट के मोटरसाइकिल न चलाएं। आप सभी घर में सुरक्षा की ब्रांड एंबेसडर बनें और परिवार के सदस्यों को भी सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित करें।” सायबर फ्रॉड से सतर्क रहें, अनजान लिंक पर क्लिक न करें एवं संदिग्ध कॉल रिसीव न करें। किसी भी प्रकार की सायबर ठगी होने पर तुरंत सायबर सेल से संपर्क करें।
इसी प्रकार छेड़छाड़, अभद्र टिप्पणी या किसी भी महिला संबंधी अपराध की स्थिति में तुरंत पुलिस या हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सहायता प्राप्त करें। किसी भी गलत व्यवहार को सहन न करें—पुलिस हमेशा सहायता के लिए तत्पर है।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक महोदय श्री शशांक अति. पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार मिश्रा, उप पुलिस अधीक्षक सुश्री अरुणा सिंह, रक्षित निरीक्षक श्रीमती रजनी गुर्जर, यातायात प्रभारी सूबेदार उमेश ठाकुर, स्कूल स्टाफ एवं लगभग 200 छात्राएँ उपस्थित रहीं।