पावनसिटी समाचार हरदा
खण्डवा- “मिशन आँचल” के अंतर्गत शुक्रवार को “पोषण दिवस” मनाया गया। कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने बताया कि ज़िले के ऐसे सभी 323 आंगनबाड़ी केंद्रों में, जहाँ पर कि “अतिगंभीर कुपोषित” श्रेणी का एक भी बच्चा विभागीय स्तर पर चिन्हित नहीं था, उन सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में जिला प्रशासन के 100 से अधिक अधिकारियों ने शुक्रवार को एक साथ निरीक्षण किया। निरीक्षण कर्ता अधिकारियों ने सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों का वज़न और ऊँचाई का नाप किया।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने बताया कि इस चिन्हांकन अभियान के बाद कुल 80 से ज़्यादा “सेम” अर्थात् “अतिगंभीर कुपोषित” श्रेणी के बच्चे चिन्हांकित हुए हैं । अब इन सभी अतिगंभीर कुपोषित बच्चों को विशिष्ट विभागीय योजनाओं के माध्यम से लाभान्वित किया जाएगा। आज चिन्हित किए गए सभी अतिकुपोषित बच्चों को उनके निकटतम पोषण पुनर्वास केंद्रों में भर्ती कराया जाएगा और इन सभी बच्चों को “अतिकुपोषित श्रेणी” से निकालकर “समान्य श्रेणी” में लाने हेतु विशेष प्रयास किया जाएगा।

