पावनसिटी खंडवा
खंडवा मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में 31 जनवरी 2026, प्रदेश के पर्यटन, संस्कृति धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के मंत्री एवं खंडवा जिले के प्रभारी मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने शनिवार को सर्किट हाउस परिसर में संपूर्णता अभियान 2.0 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, विधायक मांधाता नारायण पटेल, पंधाना विधायक श्रीमती छाया मोरे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पिंकी सुदेश वानखेडे, कलेक्टर ऋषव गुप्ता एवं पुलिस उप महानिरीक्षक मनोज कुमार राय एवं जिला भाजपा अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि नीति आयोग भारत सरकार नई दिल्ली के निर्देशानुसार 28 जनवरी से 14 अप्रैल 2026 तक आकांक्षी जिलों एवं आकांक्षी विकासखंडों में सम्पूर्णता अभियान 2.0 आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य देश के सभी आकांक्षी जिलों में 5, और आकांक्षी विकासखंडों में 6 मुख्य प्रदर्शन संकेतकों के मामले में सैचुरेशन की स्थिति प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करना है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. नागार्जुन गौड़ा ने बताया कि 3 महीने के इस अभियान के तहत आकांक्षी जिला खंडवा और ब्लॉक छैगाँवमाखन मे महत्वपूर्ण प्रदर्शन संकेतकों को पूर्ण रूप से संतृप्त किया जाएगा।
‘संपूर्णता अभियान 2.0’ के तहत सभी आकांक्षी विकासखंडों मे आईसीडीएस कार्यक्रम के तहत नियमित रूप से पूरक पोषण लेने वाले 6 वर्ष तक के बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इस अभियान के तहत छेगांवमाखन विकासखंड के आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल एवं शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इस अभियान के तहत बालिकाओं के लिए स्कूल में शौचालय तथा पशुओं के टीकाकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

