पावनसिटी खंडवा
खंडवा – विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय खंडवा में कैंसर रोगियों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं कैंसर के प्रति जागरूकता के लिए विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में नोडल अधिकारी डॉक्टर विशाल श्रीवास्तव ने बताया कि यदि किसी महिला को स्तन या बगल में गांठ है, तो कैंसर हो सकता है l इसीलिए अपने स्तनों का नियमित रूप से स्वयं परीक्षण करें, स्तन के आकार, त्वचा में बदलाव होने पर तुरंत डॉक्टर को दिखाएं, तथा 45 वर्ष की आयु के बाद डॉक्टर की सलाह पर नियमित रूप से मैमोग्राफी करवाएं। उन्होंने बताया कि कैंसर का शीघ्र पता लगने और समय पर इलाज से इस रोग के पूरी तरह ठीक होने की संभावना रहती है ।
जिला अस्पताल में आयोजित शिविर में कुल 196 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में ओरल कैंसर के 8, ब्रेस्ट कैंसर के 28, सर्वाइकल कैंसर 3 कुल 39 मरीजों को उपचार और देखभाल के संबंध में आवश्यक सलाह एवं उपचार दिया गया l नर्सिंग ऑफिसर नमिता डेविड एवं रिंकी मुजाल्दे द्वारा सभी की ब्लड प्रेशर एवं शुगर की जांच कर उन्हें दवाइयां दी गई।
इसके अलावा नंदकुमार सिंह चौहान शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय खंडवा के नाक कान गला रोग विभाग में कैंसर कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉक्टर विशाल श्रीवास्तव द्वारा सभी अधिकारियों कर्मचारियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई एवं नर्सिंग स्टाफ द्वारा रंगोली के माध्यम से लोगों को कैंसर रोग से बचाव का संदेश दिया l कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉ रंजीत बडोले, सहायक अधीक्षक डॉक्टर सुनील बाजोलिया, दंत रोग विशेषज्ञ डॉक्टर सुजीत वर्मा,डॉ नेहा शुक्ला, डॉक्टर जीनल पटेल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे l

