Harda News : हरदा जिले में पोषण माह के तहत आंगनवाड़ी केन्द्रों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित कर महिलाओं व बच्चों को पोषण आहार के महत्व के बारे में बताया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को खेड़ीपुरा स्कूल में पोषण आहार प्रदर्शनी आयोजित की गई। इसके अलावा वनग्राम बोथी में पोषण माह के साथ-साथ मंगल दिवस का भी आयोजन किया गया और बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई गई। इसके अलावा ग्राम निमाचाकला में पोषण आहार प्रदर्शनी लगाई गई। चारूवा व पहटकला में अन्नप्राशन गतिविधि आयोजित की गई। ग्राम हरिपुरामाल में पोषण मटका व पोषण आहार प्रदर्शनी गतिविधियां आयोजित की गई।
जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय त्रिपाठी ने बताया कि परियोजना हरदा शहरी के सेक्टर क्रमांक एक में खेडीपुरा स्कूल में सामूहिक रूप से 12 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की गई। इस अवसर पर पोषण आहार प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया। उन्होने बताया कि राष्ट्रीय पोषण माह 2024 के दौरान मुख्य रूप से एनीमिया, वृद्धि निगरानी, पूरक आहार, पोषण भी पढ़ाई भी, बेहतर प्रशासन, पारदर्शिता और कुशल सेवा वितरण के लिए प्रौद्योगिकी, समग्र पोषण के थीम पर विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जाएगी।
कार्यक्रम में हरदा परियोजना शहरी के ब्लॉक समन्वयक अनिल जोशी ने बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ योजना, तथा गर्भवती, धात्री, किशोरी बालिकाओं 6 माह से 6 वर्ष के बच्चो के साथ उनके परिवार के सदस्यों को शामिल कर पोषण आहार संबंधित जानकारी दी। डॉ. ओम प्रकाश मांजू ने उपस्थित लोगों को पूरक पोषण आहार के संबंध में जानकारी दी।