पावनसिटी समाचार हरदा
संपादक अशफाक अली
विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम की सुनवाई 22 जनवरी को होगी
हरदा – हरदा जिले के विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान हेतु विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम की सुनवाई 22 जनवरी को वृत्त कार्यालय नर्मदापुरम में दोपहर 12 बजे से 4 बजे आयोजित की जाएगी। महाप्रबन्धक मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी ने बताया कि फोरम में दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक आवेदन प्राप्त कर उनका निराकरण किया जाएगा। इस फोरम में हरदा उत्तर/ दक्षिण संभाग के सभी विद्युत उपभोक्ताओं के आवेदन स्वीकार किये जायेंगे।
निःशुल्क गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने 22 जनवरी को सलाई ठेकेदारी, आमसागर, बिचपुरी सर्कुलर, छुरीखाल करनपुरा व झल्लार में लगेंगे शिविर
हरदा – मध्यप्रदेश खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा प्रधानमंत्री उज्जवला योजना 3.0 के तहत निर्धन परिवारों को निःशुल्क गैस प्रदाय करने की प्रक्रिया आरम्भ की गई है। जिला आपूर्ति अधिकारी हरदा ने बताया कि जिले के धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत जिले में निवासरत अन्य जनजातीय परिवारों को गैस कनेक्शन प्रथम आओ प्रथम पाओं के आधार पर जारी किया जाएगा। कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन के निर्देश पर जिले में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत चयनित 103 ग्रामों की पंचायतों में निःशुल्क गैस उपलब्ध कराने के लिये गैस एजेन्सियों द्वारा शिविर आयोजित किये जायेंगे। उन्होने निर्देशित किया है कि इन शिविरों में गैस एजेन्सियां हितग्राहियों से आवेदन प्राप्त कर परीक्षण उपरान्त गैस कनेक्शन देना सुनिश्चित करेंगे।
जारी आदेश अनुसार 22 जनवरी को टिमरनी के ग्राम सलाई ठेकेदारी व आमसागर, खिरकिया के ग्राम बिचपुरी सर्कुलर, छुरीखाल, हरदा के ग्राम करनपुरा व झल्लार में शिविर आयोजित किये जायेंगे।
23 से 26 जनवरी तक कृषि उपज मण्डी में नीलामी कार्य बंद रहेगा
हरदा – 23 से 26 जनवरी तक कृषि उपज मण्डी प्रांगण हरदा में नीलामी कार्य बंद रहेगा। सचिव कृषि उपज मण्डी समिति हरदा ने बताया कि 23 जनवरी शुक्रवार को बसंत पंचमी होने तथा 24 जनवरी को माह का चतुर्थ शनिवार, 25 जनवरी रविवार तथा 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस का शासकीय अवकाश होने के कारण मण्डी प्रांगण हरदा में कृषि उपजों का नीलामी कार्य बंद रहेगा। उन्होने किसान भाईयों से अनुरोध किया है कि वे 23 से 26 जनवरी तक मण्डी प्रांगण में अपनी कृषि उपज विक्रय के लिये नहीं लावें।
मदिरा के अवैध विक्रय व संग्रहण के विरूद्ध 8 प्रकरण दर्ज
हरदा- कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन के निर्देशन व जिला आबकारी अधिकारी श्री सुनील भोजने के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग के दल ने मदिरा के अवैध विक्रय, परिवहन व संग्रहण के विरूद्ध कार्यवाही की। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि इस दौरान आबकारी विभाग के दल ने हरदा के खेड़ीपुरा, टंकी मोहल्ला व पीलियाखाल, ग्राम सुल्तानपुर, रोलगांव, धूपकरण, छोटीबेड़ी, चारूवा तथा वार्ड क्रमांक 6 खिरकिया में दबिश दी। दबिश के दौरान कुल 26 लीटर हाथ भट्टी कच्ची महुआ शराब एवं 950 किलोग्राम महुआ लहान जप्त किया कर आबकारी अधिनियम 1915 के तहत कुल 8 प्रकरण दर्ज किये। जप्त मुद्देमाल का अनुमानित बाजार मूल्य 1,00,200 रूपये है।
तीर्थदर्शन योजना के तहत वृद्धजन अयोध्या-वाराणसी की यात्रा करेंगे
हरदा – मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना अंतर्गत मध्यप्रदेश के ऐसे वरिष्ठ नागरिक को जो कि 60 वर्ष से अधिक आयु के है तथा आयकर दाता नहीं है, उन्हें प्रदेश के बाहर स्थित विभिन्न तीर्थ स्थानों की यात्रा मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के तहत शासकीय खर्चे पर कराई जा रही है। मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के तहत जिले की ‘अयोध्या-वाराणसी’ तीर्थयात्रा के लिए आवेदन आमंत्रित किए गये हैं। यह यात्रा 1 से 6 मार्च 2026 तक आयोजित की जाएगी, जिसमें जिले के 179 यात्री, तीर्थ यात्रा पर जायेंगे, जिनमें हरदा तहसील के 44, हंडिया के 19, टिमरनी के 34, रहटगांव के 19, खिरकिया के 34 व सिराली तहसील के 29 यात्री शामिल होंगे। इच्छुक वृद्धजन तीर्थ यात्रा के लिये 30 जनवरी तक आवेदन कर सकते हैं।
जिले के सभी तहसीलदारों, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायतों व मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि यात्रा में जाने वाले के 2-2 फोटो व प्रत्येक का फार्म लिया जावे। प्रत्येक फार्म में मेडिकल अनिवार्य रूप से कराया जावे। शासन के निर्देशानुसार यह सुनिश्चित किया जाए कि जिन यात्रियों की उम्र 65 वर्ष से कम है, उनके साथ सहायक नहीं होगा, यात्री की आयु यदि 60 वर्ष से कम है तो वह यात्रा के लिये पात्र नहीं होगा। महिलाओं के मामले में 2 वर्ष की छूट रहेगी।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिये इनाम घोषित
हरदा- पुलिस अधीक्षक श्री शशांक ने विभिन्न प्रकरणों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु इनाम घोषित किये है। उन्होने थाना सिविल लाईन के अपराध क्रमांक 405/2025 धारा 126(2), 109(1), 3(5) बीएनएस में फरार आरोपियों पवन पिता पूनम विश्नोई तथा पूनम पिता श्यामलाल विश्नोई निवासी ग्राम झालवा की तलाश एवं पतारसी हेतु 5 हजार रूपये का इनाम घोषित किया है।
इसी प्रकार थाना सिविल लाईन के अपराध क्रमांक 237/2025 धारा 137(2) बीएनएस में संदेही आरोपी गोकुल पिता करण सिंह निवासी कचबेड़ी की गिरफ्तारी के लिये 3 हजार रूपये तथा थाना कोतवाली के अपराध क्रमांक 147/2025 धारा 296/2025, 115(2), 351(3) बीएनएस में फरार आरोपी शंकर बंजारा पिता राम सिंह उर्फ अनोखीलाल बंजारा निवासी दूधडेरी हरदा एवं थाना छीपाबड़ के अपराध क्रमांक 439/2025 धारा 115(2), 331(4) बीएनएस ईजाफा 118(1) में फरार आरोपी मेहताब उर्फ गब्बर पिता गुलाब सिंह कोरकू निवासी लोधियाखेड़ी की गिरफ्तारी हेतु 2-2 हजार रूपये के इनाम घोषित किये गये हैं।
जारी उद्घोषणा में कहा गया है कि जो व्यक्ति इन आरोपियों को गिरफ्तार करेगा या करवाएगा या ऐसी सूचना देगा, जिसके आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी संभव हो सके, ऐसे सूचनाकर्ता को आरोपी की गिरफ्तारी के लिये इनाम की राशि से पुरस्कृत किया जाएगा। यदि सूचनाकर्ता चाहेगा तो उनका नाम गोपनीय रखा जाएगा। पुरस्कार वितरण के संबंध में अंतिम निर्णय पुलिस अधीक्षक जिला हरदा का मान्य होगा।
डिजिटल क्रॉप सर्वेक्षण मौसम रबी 2025-26 हेतु समय-सारणी जारी
हरदा – आयुक्त, भू-संसाधन प्रबंधन मध्यप्रदेश द्वारा रबी मौसम हेतु डिजिटल क्रॉप सर्वेक्षण की समय-सारणी जारी की गई है। समय सारणी अनुसार किसान गिरदावरी एवं सर्वेयर क्रॉप सर्वे का कार्य 21 जनवरी से 28 फरवरी तक, सुपरवाइजर द्वारा सत्यापन का कार्य 5 मार्च तक किया जाएगा तथा किसान द्वारा 10 मार्च तक दावा आपत्ति प्रस्तुत की जा सकेगी। दावा आपत्ति निराकरण 15 मार्च तक, वेरीफायर द्वारा अनुमोदन 10 मार्च से 15 मार्च तक किया जाएगा। डिजिटल क्रॉप सर्वे जांच कार्य 1 से 15 मार्च तक तथा जांच कार्य का अंतिम अनुमोदन 20 मार्च को किया जाएगा। अंतिम डाटा भूलेख पोर्टल पर अद्यतन 31 मार्च को किया जाएगा।
संयुक्त कलेक्टर सुश्री रजनी वर्मा ने बताया कि मध्यप्रदेश भू-अभिलेख नियमावली के अनुसार फसल गिरदावरी का कार्य वर्ष में 3 बार खरीफ, रबी व जायद मौसम में सारा एप के माध्यम से संपन्न किया जाता है। इसका उपयोग उपार्जन, फसल बीमा आदि योजनाओं में सतत् रूप से किया जा रहा है। फसल गिरदावरी कार्य में पारदर्शिता लाने हेतु डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य भारत सरकार द्वारा प्रारंभ किया गया है, जिसमें जियो फेस (पार्सल लेवल) तकनीक के माध्यम से खेत में बोई गई फसल का फोटो खींचकर फसल सर्वेक्षण का कार्य नियत अंतराल में पूर्ण किया जाएगा।
हरदा में पहली बार होगा अंतर्राष्ट्रीय रैपिड शतरंज टूर्नामेंट का आयोजन
हरदा – जिले में पहली बार एक भव्य अंतर्राष्ट्रीय शतरंज टूर्नामेंट का आयोजन होने जा रहा है। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट हरदा जिला शतरंज संगठन के तत्वाधान में इंटरनेशनल स्टैंडर्ड के अनुरूप संपन्न होगा, जिसमें देश-प्रदेश सहित विभिन्न स्थानों के ख्याति प्राप्त और रेटेड खिलाड़ी अपने खेल का जौहर दिखाएंगे। इस टूर्नामेंट की तिथि शतरंज फेडरेशन द्वारा 24 जनवरी शनिवार निर्धारित की गई है। यह टूर्नामेंट कलेक्टर निवास के सामने, इंदौर रोड हरदा डिग्री कॉलेज में होगा, जिसमें देश-विदेश के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। उन्होने बताया कि यह इंटरनेशनल चेस टूर्नामेंट 24 जनवरी राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर बालिकाओं को समर्पित रहेगा। इसमें बड़ी संख्या में बालिकाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए जिले एवं आसपास के विद्यालयों और महाविद्यालयों से संपर्क कर उन्हें प्रेरित किया जाएगा। साथ ही खिलाड़ियों के खेल स्तर को बेहतर बनाने हेतु पूर्व में प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।
कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने बताया कि शतरंज के शौकीनों और खिलाड़ियों के लिए यह एक बेहतरीन मौका है, जहां वे अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं। टूर्नामेंट में कुल 1,51,000 रुपये की इनामी राशि और ट्रॉफियां रखी गई है। यह एक रेपिड टूर्नामेंट होगा, जिसमें प्रत्येक खिलाड़ी को 15 मिनट और प्रति चाल 5 सेकंड का अतिरिक्त समय मिलेगा। उन्होने बताया कि टूर्नामेंट के लिये ओपन श्रेणी हेतु 750 रुपये तथा हरदा के स्थानीय खिलाड़ियों के लिये 500 रूपये एन्ट्री फीस निर्धारित की गई है। जीएम/डब्ल्यूजीएम/डब्ल्यूआईएम खिताब धारकों और 2300 से ऊपर रेटेड खिलाड़ियों के लिए प्रवेश निःशुल्क है। इसके अलावा दिव्यांग खिलाड़ियों को एंट्री फीस में 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। इच्छुक खिलाड़ी ब्रोशर लिंक https://circlechess.com/brochure?id=49722 व पंजीकरण लिंक https://circlechess.com/registration?id=49722 के माध्यम से टूर्नामेंट के आयोजन के संबंध में जानकारी प्राप्त कर अपना पंजीयन करा सकते हैं।

