पावनसिटी टिमरनी हरदा
संवाददाता ब्रजेश रिछारिया
एकेडमिक हाईट्स पब्लिक स्कूल (AHPS) टिमरनी के विद्यार्थियों ने अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। हिंदी भाषा के महत्व को ध्यान में रखते हुए हिंदी ओलंपियाड फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यालय की कक्षा 1 से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अंतरराष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में विद्यालय के कुल 37 विद्यार्थियों ने सहभागिता की, जिसमें से 8 विद्यार्थियों ने स्वर्ण पदक प्राप्त कर विशेष उपलब्धि हासिल की। इसके अतिरिक्त अन्य विद्यार्थियों ने रजत एवं कांस्य पदक के साथ-साथ प्रमाण पत्र प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विद्यालय संचालक सचिन बलवटे ने इस अवसर पर कहा कि हिंदी ओलंपियाड का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता का आकलन, शुद्ध वर्तनी तथा भाषाई ज्ञान में वृद्धि करना है। ऐसी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति नई प्रेरणा और उत्साह का संचार होता है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य आशीष त्रिपाठी एवं विद्यालय समन्वयक प्रतीक मुहाले ने सभी विजेता विद्यार्थियों को पदक एवं प्रमाण पत्र वितरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा उन्हें आगे भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

