पावनसिटी समाचार हरदा
हरदा – रेल्वे फाटक क्रमांक 204 डबल फाटक आर.ओ.बी. निर्माण कार्य प्रारम्भ किया जा रहा है। गत दिवस रेल्वे अधिकारियों एवं जिला प्रशासन की संयुक्त बैठक में अवगत कराया गया है कि निर्माण कार्य के दौरान रेल्वे फाटक क्रमांक 204 से आने जाने वाले हेवी व्हीकल्स बस, ट्रक, डम्पर, ट्राला इत्यादि वाहनों की एन्ट्री आर.ओ.बी. निर्माण अवधि के दौरान प्रतिबंधित रहेगी। शहर में टिमरनी-बैतूल मार्ग से आने वाले वाहन राष्ट्रीय राजमार्ग 59 उडा से पूर्व से होते हुए हंडिया रोड़ पर आयेंगे। इस दौरान शहर में आने वाले सभी टू-व्हीलर, फोर व्हीलर, ट्रेक्टर ट्रॉली वाहन पूर्व की भांति डबल फाटक से शहर में तथा शहर के बाहर जा सकेंगे।
राष्ट्रगीत वन्देमातरम की 150 वीं वर्षगाँठ को समारोह पूर्वक आयोजित किया जाएगा
हरदा 6 नवम्बर 2025/ भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय गीत वंदेमातरम् की 150 वीं वर्षगाँठ को 7 नवम्बर 2025 से 7 नवम्बर 2026 तक समारोहपूर्वक आयोजित किया जाएगा। वंदेमातरम् के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को ध्यान में रखते हुए वर्षभर 4 चरणों में विभिन्न गतिविधियां व्यापक रूप से आयोजित की जाएगी। इस दौरान प्रथम चरण 7 से 14 नवम्बर (शुभारम्भ), द्वितीय चरण 19 से 26 जनवरी 2026 गणतंत्र दिवस, तृतीय चरण 7 से 15 अगस्त हर घर तिरंगा अभियान के साथ तथा चतुर्थ चरण 1 से 7 नवम्बर समापन सप्ताह के रूप में गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन आयोजनों में सभी स्तरों पर आम नागरिकों की सहभागिता के साथ-साथ विद्यालयीन, महाविद्यालयीन छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि, शासकीय अधिकारी कर्मचारी, पुलिसकर्मियों, डॉक्टर्स, शिक्षकों, व्यवसायगण एवं अन्य सभी प्रकार के सामाजिक संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिये है कि 7 नवम्बर को प्रातः 9ः30 बजे जिला मुख्यालय, सभी तहसील व विकासखण्ड मुख्यालय में ‘‘वंदेमातरम्’’ का सम्पूर्ण गायन सुनिश्चित किया जाए। इसके बाद प्रातः 10 बजे से नई दिल्ली से माननीय प्रधानमंत्री जी के कार्यक्रम के सीधे प्रसारण के अवलोकन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। उन्होने निर्देशित किया है कि 7 अक्टूबर को जिले के सभी शासकीय अशासकीय अर्द्धशासकीय विद्यालय महाविद्यालय में भी यह कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। ‘‘वंदेमातरम्’’ गायन को भव्य स्वरूप प्रदान करने के लिये पुलिस बैण्ड, स्कूल व महाविद्यालय के बैण्ड व स्थानीय बैण्ड इत्यादि की सहभागिता सुनिश्चित की जावे।
कलेक्टर श्री जैन ने निर्देशित किया है कि 8 नवम्बर को प्रातः 10 बजे पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जिला पंचायत, जनपद पंचायत एवं ग्राम पंचायतों में वंदेमातरम् गीत का गायन जनसहभागिता से पंचायत प्रतिनिधियों सहित सुनिश्चित किया जावें तथा 10 नवम्बर को प्रातः 10 बजे नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा सभी नगरीय निकायों में वंदेमातरम् गीत का गायन सुनिश्चित किया जावे।
राष्ट्रगीत वन्देमातरम की 150 वीं वर्षगाँठ पर मैराथन दौड़ 7 नवम्बर को
हरदा भारत सरकार से प्राप्त निर्देश अनुसार 7 नवम्बर 2025 को राष्ट्रीय गीत वंदेमातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन के मार्गदर्शन में 7 नवंबर शुक्रवार को पुलिस प्रशासन एवं जिला खेल और युवा कल्याण विभाग हरदा के तत्वाधान में मैराथन दौड़ का आयोजन किया जा रहा है। रक्षित निरीक्षक सुश्री रजनी सिंह गुर्जर ने बताया कि यह मैराथन दौड़ प्रातः 8ः30 बजे से प्रताप चौक से प्रारंभ होकर नेहरू पार्क, बैंक ऑफ बड़ौदा, सब्जी मंडी, स्टेट बैंक, अंबेडकर चौक से होते हुए जिला न्यायालय के सामने ए.वी.एम मैदान स्थित शहीद स्मारक पर पहुँचेगी। स्मारक के सामने उपस्थित सभी प्रतिभागियों द्वारा राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम का गायन किया जाएगा। कार्यक्रम में सभी विभागों के अधिकारी कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकार बन्धुओं, खिलाड़ियों, वरिष्ठ नागरिकों से शामिल होने की अपील की गई है।
