पावनसिटी समाचार पत्र हरदा
संपादक- अशफाक अली
मध्य प्रदेश के हरदा जिले की तहसील हंडिया से जोगा से हनुवंतिया तक पर्यटन जलमार्ग विकसित करने के प्रयास होंगे
गोराखाल जलप्रपात को भी पर्यटन के नक्शे पर लाया जाएगा
हंडिया एवं खुदिया में होम स्टे बनेंगे
जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक सम्पन्न
कलेक्टर सिद्धार्थ जैन की अध्यक्षता में जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के एतिहासिक स्थल जोगा से हनुवंतिया तक पर्यटन जल मार्ग विकसित करने की कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा की गई। साथ ही जोगा तक आने वाले पर्यटकों को गोराखाल जलप्रपात तक आकर्षित करने की व्यवस्था पर विचार किया गया।
बैठक में भोपाल से आए पर्यटन विकास से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि जोगा को जल पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के साथ-साथ यहां वर्डवाचिंग, सायकिलिंग की भी पर्यटकों को सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही यहां जैव विविधता से भी पर्यटकों को परिचित कराया जाएगा। हनुवंतिया से आगे पर्यटकों को ओंकारेश्वर एवं महेश्वर तक भ्रमण करने के लिये सुविधा दी जाएगी। जोगा में नाइट स्टे, किला भ्रमण, वाटर स्पोर्टस जैसे पर्यटन विकास के कार्य भी कराए जायेंगे। बैठक में हंडिया एवं खुदिया में होम स्टे निर्माण की स्थिति की भी जानकारी दी गई।
इस दौरान जिले के भ्रमण पर आये संचालक कौशन बी.पी. सिंह, संयुक्त संचालक एडवेंचर्स स्पोर्टस एस.के. श्रीवास्तव, वाटर टूरिज्म के सलाहकार श्री राजेन्द्र निगम ने कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के साथ उपरोक्त विषयों पर विचार विमर्श कर जोगा पर्यटन स्थल का भी भ्रमण किया गया। बैठक में संयुक्त कलेक्टर सतीश राय सहित जिला पर्यटन विकास समिति के सदस्य डॉ. प्रभुशंकर शुक्ला, देवेन्द्र दुआ एवं डॉ. उमेश शर्मा भी मौजूद थे
ओंकारेश्वर, खण्डवा व हनुमंतिया के लिए मिलेगी हैलीकॉप्टर की सुविधा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अध्यक्षता में मंत्रि-परिषद की बैठक में लिया गया निर्णय
मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के तहसील पुनासा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रि-परिषद की बैठक मंगलवार को भोपाल स्थित मंत्रालय भवन में सम्पन्न हुई। मंत्रि-परिषद द्वारा प्रदेश में सार्वजनिक निजी भागीदारी के तहत निजी ऑपरेटर के सहयोग से राज्य के भीतर हैलीकॉप्टर सेवा संचालन की स्वीकृति प्रदान गई है। प्रदेश के जिन शहरों को हैलीकॉप्टर की सुविधा से जोड़ा गया है, उनमें खण्डवा जिले के ओंकारेश्वर, हनुवंतिया व खण्डवा नगर को भी शामिल किया गया है। हैलीकॉप्टर सेवा शुरू होने से प्रदेश के प्रमुख शहरों, धार्मिक स्थलों, राष्ट्रीय उद्यानों और पर्यटक स्थलों के बीच निजी ऑपरेटर के सहयोग से किफायती एवं स्थायी हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध होगी। इससे प्रदेश के प्रमुख व्यापारिक शहरों एवं पर्यटक स्थलों के बीच व्यवसाय एवं पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि होगी और रोजगार के नये अवसर उत्पन्न होंगे।
कैबिनेट की बैठक में निर्णय लिया गया कि हैलीकॉप्टर का संचालन 3 सेक्टर्स में किया जाएगा। इनमें सेक्टर-1 में इंदौर, उज्जैन, ओंकारेश्वर, मांडू, महेश्वर, गांधीसागर, मंदसौर, नीमच, हनुवंतिया, खंडवा, खरगौन, बुरहानपुर, बड़वानी, अलीराजपुर, रतलाम, झाबुआ, नलखेड़ा, भोपाल और जबलपुर शामिल होंगे। सेक्टर-2 में भोपाल, मढ़ई, पचमढ़ी, तामिया, छिंदवाड़ा, सांची, इंदौर, दतिया, दमोह, ग्वालियर, शिवपुरी, कूनो (श्योपुर), ओरछा, गुना, राजगढ़, सागर, होशंगाबाद, बैतूल, टीकमगढ़ और जबलपुर शामिल होंगे। सेक्टर-3 में जबलपुर, बांधवगढ़, कान्हा, चित्रकूट, सरसी, परसिली, मैहर, सतना, पन्ना, खजुराहो, कटनी, रीवा, सिंगरौली, अमरकंटक, सिवनी, सीधी, मंडला, पेंच, डिंडौरी, भोपाल और इंदौर के बीच हेलीकाप्टर सेवा का संचालन किया जायेगा।

