पावनसिटी खण्डवा
खण्डवा – सभी अधिकारी सीएम हेल्पलाइन में अपने-अपने विभाग से संबंधित शिकायतों का समय सीमा में निराकरण करें, शिकायतों के निराकरण के मामले में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। यह निर्देश कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में उपस्थित अधिकारियों को दिए। उन्होंने बैठक में कहा कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के मामले में अधिकारी स्वयं आवेदक से बात करें, यह कार्य अधीनस्थ कर्मचारियों के भरोसे ना छोड़े। उन्होंने शिकायतों का संतुष्टि पूर्ण ढंग से निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के सीईओ डॉक्टर नागार्जुन बी. गौड़ा, अपर कलेक्टर श्रीमती सृष्टि देशमुख गौड़ा, पुनासा के एसडीएम पंकज वर्मा और सहायक कलेक्टर डॉक्टर श्रीकृष्णा सुशीर सहित जिले की जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं अन्य विभागों के जिला अधिकारी भी मौजूद थे। बैठक में कलेक्टर गुप्ता ने सीएम हेल्पलाईन में “नॉट अटेंड” शिकायतों के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के विरूद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर गुप्ता ने बताया कि वर्ष 2027 में जनगणना होगी। इसके लिए पहले चरण में अभी मकानों की गणना का कार्य प्रारम्भ होगा। जनगणना से पूर्व प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इसके लिए उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि अपने अधीनस्थ अधिकारी कर्मचारियों की जानकारी तत्काल जनगणना शाखा में भिजवाएं। डिप्टी कलेक्टर श्री दिनेश सावले ने बताया कि इस बार जनगणना पूर्णतः डिजिटल माध्यम से होगी। इसके लिए सरकार ने अलग अलग मोबाइल एप तैयार किए हैं, जिनके माध्यम से जानकारी संकलित की जाएगी। बैठक में कलेक्टर गुप्ता ने रोजगार गारंटी योजना, जल जीवन मिशन, तथा प्रधानमंत्री आदि आदर्श ग्राम योजना के तहत संचालित कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि सभी शासकीय कार्यालयों तथा अधिकारी कर्मचारियों के आवासों की पक्की छतों पर मिशन अमृत संचय के तहत रूफ वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम अवश्य लगवाएं।

