पावनसिटी खण्डवा
खण्डवा 23 फरवरी 2026, कलेक्टर गुप्ता ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में ग्रामीण आजीविका मिशन के महिला स्व-सहायता समूहों की 2 महिला बैंक सखियों श्रीमती मनीषा पटेल और श्रीमती सुनीता ओसवाल को लैपटॉप प्रदान किए। इस अवसर पर जिला पंचायत के सीईओ डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा, अपर कलेक्टर श्रीमती सृष्टि देशमुख गौड़ा, अपर कलेक्टर के. आर. बड़ोले, एसडीएम पुनासा श्री पंकज वर्मा सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
आजीविका मिशन के जिला समन्वयक आनन्द शर्मा ने इस अवसर पर बताया कि आजीविका मिशन के महिला स्व-सहायता समूहों की कुल 26 महिलाओं को आरसेटी के माध्यम से बैंक सखी सम्बंधी प्रशिक्षण दिलाया गया है। उन्होंने बताया कि छैगांवमाखन विकासखण्ड के ग्राम बरूड़ के चांदनी स्वसहायता समूह की श्रीमती मनीषा पटेल तथा खण्डवा विकासखण्ड के ग्राम रोशनाई के शांति स्व सहायता समूह की श्रीमती सुनीता ओसवाल ने अपने समूह से ऋण लेकर लैपटॉप क्रय किए हैं। ये बैंक सखियां ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल लेनदेन एवं बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराएंगी। इससे इनकी आय में वृद्धि होगी और ये आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेंगी। ये बैंक सखियां स्व सहायता समूहों की राशि के लेनदेन के साथ साथ बैंक खाते खोलना, बीमा सेवा, अटल पेंशन योजना, आधार व समग्र केवायसी, आयुष्मान कार्ड डाउनलोड करने जैसे कार्य भी करेंगी। इससे इन्हें नियमित आय होती रहेगी।

