पावनसिटी  हरदा
हरदा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा.एचपी सिंह द्वारा 6 मार्च 2026 को विश्व श्रवण दिवस के आयोजन के संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत आयोजित होने वाले इस दिवस का उद्देश्य श्रवण क्षमता में कमी एवं कान संबंधी समस्याओं के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाना है।
इस वर्ष विश्व श्रवण दिवस की थीम “From communities to classrooms hearing care for all children. Act now so no child is left behind due to ear or hearing problem” निर्धारित की गई है। इसके तहत समुदाय से लेकर विद्यालय स्तर तक बच्चों के लिए श्रवण देखभाल सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा जारी पत्र में सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक, समस्त खंड चिकित्सा अधिकारी, शहरी नोडल अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए गए हैं।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिरों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर श्रवण संबंधी जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। स्कूलों में विशेष रूप से बच्चों की कान एवं श्रवण जांच की जाएगी तथा शिक्षकों और अभिभावकों को कान की देखभाल एवं समस्या की शीघ्र पहचान के बारे में जानकारी दी जाएगी। पोस्टर, पम्पलेट, रैली एवं जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से समुदाय को भी जागरूक किया जाएगा।
जिला चिकित्सालय हरदा द्वारा नर्सिंग महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम एवं रैलियां आयोजित की जाएंगी। आवश्यकता होने पर मरीजों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य केंद्रों के लिए रेफर भी किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने निर्देशित किया है कि सभी संबंधित अधिकारी निर्धारित तिथि को गतिविधियां आयोजित कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करें।

Leave a Reply