पावनसिटी खंडवा
खंडवा -नगरीय प्रशासन एवं विकास आयुक्त संकेत भोंडवे ने बताया कि राज्य शासन की महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत स्थानीय निकायों एवं पंचायती राज संस्थाओं को राजस्व संग्रहण के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है।
इसी क्रम में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए कुल ₹2.20 करोड़ की प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की गई है। उल्लेखनीय है कि इस योजना के अंतर्गत संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास, मध्य प्रदेश द्वारा राज्य स्तर पर गठित विशेषज्ञ समिति ने निर्धारित कड़े मानदंडों और मूल्यांकन के आधार पर प्रदेश की 10 नगरपालिकाओं और 10 नगर परिषदों का चयन किया है। चयनित नगरपालिकाओं में खरगोन, सीहोर, मंदसौर, विदिशा, बैतूल, हरदा, बालाघाट, पांढुरना, बड़वानी एवं झाबुआ सम्मिलित हैं। इसी प्रकार, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली नगर परिषदों में खंडवा जिले की नगर परिषद मूंदी के साथ साथ खरगोन जिले की नगर परिषद महेश्वर, बदनावर, राऊ, कसरावद, निवाड़ी, सैलाना, बिरसिंहपुर, पिपल्या मण्डी एवं सुवासरा को स्थान मिला है।
आयुक्त भोंडवे ने बताया कि चयनित नगरीय निकायों को पूर्व में प्रोत्साहन राशि की प्रथम किस्त के रूप में ₹55 लाख की राशि वितरित की जा चुकी है। इसी श्रृंखला में, योजना के सफल क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने हेतु उपलब्ध शेष ₹55 लाख की राशि अब द्वितीय किस्त के रूप में संबंधित चयनित नगरीय निकायों को जारी की जा रही है। इस प्रोत्साहन राशि का मुख्य उद्देश्य नगरीय निकायों को वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनाना और कर संग्रहण की प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं दक्षता लाना है।
