पावनसिटी  खंडवा
खंडवा- कृषक कल्याण वर्ष 2026 के उपलक्ष्य में राज्य मिलेट मिशन एवं तिलहन मिशन के अंतर्गत दो दिवसीय मिलेट मेला एवं कृषक सम्मेलन मंगलवार को नवीन अनाज मंडी में संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम कृषकों को मिलेट अर्थात “श्री अन्न” एवं तिलहन फसलों के उन्नत उत्पादन, प्रसंस्करण, विपणन एवं उपयोगिता के संबंध में जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। कृषि मेले में विभिन्न शासकीय विभागों, कृषि विज्ञान केंद्रों तथा निजी कृषि आदान कंपनियों द्वारा आकर्षक प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाए गए, जिनमें उन्नत बीज, कृषि यंत्र, उर्वरक, जैविक उत्पाद, फसल संरक्षण तकनीक एवं नवीन कृषि नवाचारों का प्रदर्शन किया गया। कृषकों ने इन स्टॉलों का अवलोकन कर नवीन तकनीकों एवं संसाधनों की जानकारी ली। इस अवसर पर विधायक मान्धाता श्री नारायण पटेल, सदस्य जिला पंचायत श्री श्रीराम चौधरी, उप संचालक कृषि श्री नितेश कुमार यादव, परियोजना संचालक आत्मा श्री ए.एस. सोलंकी के अलावा किसान संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।
कार्यक्रम में विधायक मांधाता श्री पटेल ने अपने उद्बोधन में शासन द्वारा संचालित विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं, विशेषकर मिलेट मिशन एवं तिलहन मिशन के बारे में बताया। उन्होंने कृषकों से आधुनिक तकनीकों को अपनाने और फसल विविधीकरण करने की अपील की।
कार्यक्रम के प्रारंभिक सत्र में उप संचालक कृषि श्री यादव द्वारा राज्य मिलेट मिशन एवं तिलहन मिशन की रूपरेखा, उद्देश्य एवं कृषकों को मिलने वाले लाभों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके पश्चात तकनीकी सत्र आयोजित किया गया, जिसमें कृषि वैज्ञानिकों द्वारा मिलेट एवं तिलहन फसलों की उन्नत किस्मों, बुवाई तकनीक, पोषक तत्व प्रबंधन, कीट एवं रोग नियंत्रण, जल संरक्षण एवं फसल विविधीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों कृषि विशेषज्ञों द्वारा जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में परियोजना संचालक आत्मा श्री ए.एस. सोलंकी ने सभी अतिथियों, कृषकों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply