पावनसिटी हरदा

संपादक अशफाक अली 

मध्य प्रदेश के हरदा जिले में  बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक महोदय  शशांक के निर्देशन में थाना सिविल लाईन द्वारा आज वायपास चौराहा, हनुमान मंदिर के पास यातायात जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान राहगीरों, वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा सड़क संकेतों एवं नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के संबंध में समझाइश दी गई।
इस अवसर पर अति. पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना केवल कानूनी दायित्व नहीं है, बल्कि यह स्वयं एवं अन्य नागरिकों के जीवन की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि यदि आमजन छोटी-छोटी सावधानियाँ अपनाएँ और यातायात नियमों का नियमित रूप से पालन करें, तो गंभीर सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों को भारत सरकार द्वारा संचालित “राहवीर योजना” की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुँचाकर उसकी जान बचाने वाले राहवीर को शासन द्वारा सम्मानित किया जाता है एवं प्रोत्साहन राशि 25000 रूपये भी प्रदान की जाती है। इस योजना का उद्देश्य आम नागरिकों को दुर्घटना पीड़ितों की तत्काल सहायता हेतु प्रेरित करना है, ताकि गोल्डन आवर में उपचार मिल सके और अनमोल जीवन बचाया जा सके।
कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) श्रीमती शालिनी परस्ते द्वारा भी राहवीर योजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नागरिकों से अपील की गई कि वे बिना किसी भय के दुर्घटना पीड़ितों की सहायता करें।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी सिविल लाईन  रामसुमेर तिवारी, सहित थाना सिविल लाईन एवंम थाना यातायात का पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम के दौरान राहगीरों को यातायात नियमों एवं राहवीर योजना से संबंधित पंपलेट वितरित किए गए तथा नियमों के पालन एवं मानवीय सहायता हेतु प्रेरित किया गया।
जिला पुलिस द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के यातायात जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाकर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के प्रयास किए जाएंगे।

Leave a Reply