पावनसिटी खण्डवा
खण्डवा – “राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान” के तहत खो-खो, कुश्ती एवं कबड्डी जैसे पारंपरिक खेलों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से शुक्रवार को एक दिवसीय खेल प्रतियोगिता आयोजित की गई । स्थानीय पुलिस परेड ग्राउंड पर आयोजित इस प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में खंडवा की महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पिंकी सुदेश वानखेडे, कलेक्टर ऋषव गुप्ता, पुलिस उप महानिरीक्षक मनोज कुमार राय, वन मंडलाधिकारी राकेश डामोर, जिला पंचायत के सीईओ डॉक्टर नागार्जुन गौड़ा, पंधाना की जनपद अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा काले भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष सेवादास पटेल, धर्मेंद्र बजाज सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधी मौजूद थे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम का संचालन नीरज पाराशर ने किया।
महापौर श्रीमती यादव ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने “खेलो इंडिया” तथा “सांसद खेलकूद प्रतियोगिता” जैसे कार्यक्रमो की शुरुआत कर ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर दिया है। इसी क्रम में पारंपरिक खेल प्रतियोगिता का आयोजन अत्यंत सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि निमाड़ क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। कुश्ती में बहुत से खिलाड़ियों ने निमाड़ क्षेत्र का नाम रोशन किया है। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वानखेड़े ने इस अवसर पर उपस्थित खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में शामिल होने पर शुभकामनाएं दी और सभी से खेल भावना के साथ इस प्रतियोगिता में खेलने की अपील की।
कलेक्टर गुप्ता ने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताओं से हमें “खेल भावना” और “टीम भावना” के साथ बहुत कुछ सीखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि पारंपरिक खेल, युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए अत्यंत लाभदायक हैं । पुलिस उप महानिरीक्षक राय ने इस अवसर पर कहा कि पारंपरिक खेलों के प्रोत्साहन के लिए इस तरह के आयोजन नियमित रूप से होते रहना चाहिए। जिला पंचायत के सीईओ डॉ. गौड़ा ने इस अवसर पर कहा कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देश अनुसार आज यह प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है जिसमें खो-खो, कबड्डी कुश्ती जैसे पारंपरिक खेलों की टीमें शामिल हो रही हैं। उन्होंने इस अवसर पर प्रतियोगिता में शामिल हो रहे सभी खिलाड़ियों को अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

