पावनसिटी हरदा
हरदा – प्रत्येक माह के पहले कार्य दिवस की शुरूआत शासकीय कार्यालयों में राष्ट्रगीत ‘‘वंदेमातरम्’’ गायन के साथ होती है। इसी क्रम में सोमवार सुबह कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित कार्यालयों के अधिकारी कर्मचारियों ने राष्ट्रगीत व राष्ट्रगान का गायन किया। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर श्री सतीश राय सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी भी मौजूद थे।‘
कृषि रथ’ के माध्यम से किसानों को किया जा रहा जागरूक
हरदा- मध्य प्रदेश शासन, किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के निर्देशों के अनुपालन में वर्ष 2026 को “कृषि वर्ष” के रूप में मनाया जा रहा है। इस विशेष अभियान के तहत जिले के तीनों विकासखंडों में ‘कृषि रथ’ का संचालन किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य उन्नत कृषि तकनीकों और सरकारी योजनाओं को सीधे किसानों के खेतों तक पहुँचाना है। उप संचालक कृषि श्री जे.एल. कास्दे ने बताया कि कृषि रथ के साथ कृषि विज्ञान केंद्र, कोलीपुरा-हरदा के वैज्ञानिक, कृषि विभाग एवं संबद्ध विभाग के अधिकारी कर्मचारी द्वारा किसानों से सीधा संपर्क कर ई-विकास प्रणाली से उर्वरक क्रय करने हेतु जागरूक किया जा रहा है। साथ ही नरवाई प्रबंधन, ग्रीष्मकालीन मूंग फसल के स्थान पर उडद, मूंगफली, तिल आदि फसलों को प्रोत्साहन, प्राकृतिक व जैविक कृषि करने हेतु प्रोत्साहित, मृदा स्वास्थ कार्ड के आधार पर उर्वरकों की संतुलित मात्रा का उपयोग करने और भूमि पर बोई गई फसल अनुसार सूक्ष्म पोषक तत्वों के उपयोग करने आदि का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इस दौरान विभाग द्वारा संचालित विभागीय योजनाओं तथा समसामयिक सलाह भी किसानों को प्रदान की जा रही है।

