पावनसिटी हरदा
हरदा :- जिले के लिए गर्व का विषय बनते हुए आगामी 24 जनवरी को जिले का पहला इंटरनेशनल चेस टूर्नामेंट आयोजित किया जा रहा है। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट हरदा जिला शतरंज संगठन के तत्वावधान में इंटरनेशनल स्टैंडर्ड के अनुरूप संपन्न होगा, जिसमें देश-प्रदेश सहित विभिन्न स्थानों के ख्यातिप्राप्त और रेटेड खिलाड़ी अपने खेल का जौहर दिखाएंगे।
इस टूर्नामेंट की तिथि शतरंज फेडरेशन द्वारा 24 जनवरी शनिवार निर्धारित की गई है। संगठन के अध्यक्ष आलोक जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन क्षेत्र की उभरती प्रतिभाओं के लिए एक सुनहरा अवसर होगा, जहां खिलाड़ी अपने ही जिले में अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा कर सकेंगे।
टूर्नामेंट में कुल ₹1,51,000 की प्राइज मनी विभिन्न कैटेगरी में प्रदान की जाएगी। आयोजन को लेकर आज हरदा जिला शतरंज संगठन के संरक्षक एवं कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न दायित्वों का निर्धारण किया गया।
मीडिया प्रभारी रोहित तिवारी ने बताया कि यह इंटरनेशनल चेस टूर्नामेंट 24 जनवरी – राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर बालिकाओं को समर्पित रहेगा। इसमें बड़ी संख्या में बालिकाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए जिले एवं आसपास के विद्यालयों और महाविद्यालयों से संपर्क कर उन्हें प्रेरित किया जाएगा। साथ ही खिलाड़ियों के खेल स्तर को बेहतर बनाने हेतु पूर्व में प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।
सचिव पी.सी. पोर्ते ने बताया कि आयोजन की तैयारियों को लेकर आने वाले समय में आयोजन समिति की और भी बैठकें आयोजित की जाएंगी, ताकि यह टूर्नामेंट हरदा जिले के लिए एक ऐतिहासिक और सफल आयोजन बन सके। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष सत्यम् बंसल , उपाध्यक्ष जय शंकर कांधला , मनीष प्रजापति, गणेश पटेल, भागवत सिंह चौहान सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे ।

